रात 3 बजे वन अमले की दबिश,सागौन से लदी पिकअप जब्त..

रतनपुर में 17 सागौन लट्ठे बरामद, 1.452 घनमीटर काष्ठ की कीमत 78 हजार से अधिक; 3.50 लाख की पिकअप भी जब्त..
बिलासपुर। वन क्षेत्रों से इमारती लकड़ी के अवैध परिवहन पर रोक लगाने वन विभाग की निगरानी लगातार जारी है। इसी कड़ी में रतनपुर वन परिक्षेत्र में वन अमले ने रात के समय कार्रवाई करते हुए सागौन से लदी एक बोलेरो पिकअप को जब्त किया है। वाहन की जांच में 17 नग सागौन के लट्ठे मिले। जब्त काष्ठ की कुल मात्रा 1.452 घनमीटर बताई गई है, जिसकी अनुमानित कीमत 78,651 रुपए से अधिक है। इसके साथ ही करीब 3.50 लाख रुपए कीमत की पिकअप को भी जब्त किया गया है।
वन विभाग के अनुसार यह कार्रवाई 12 सितंबर की सुबह करीब 3 बजे कक्ष क्रमांक 2528 पीएफ परिसर बांसाझाल के ग्राम बिरगहनी क्षेत्र में की गई। रात में गश्त और निगरानी के दौरान वन अमले को बोलेरो पिकअप क्रमांक CG 10 AY 9034 दिखाई दी। संदेह के आधार पर वाहन की जांच की गई। जांच के दौरान उसमें सागौन काष्ठ पाया गया। इसके बाद वन अमले ने वाहन और उसमें रखे काष्ठ को जब्त कर लिया।

17 नग सागौन के लट्ठे मिले..
जांच के दौरान पिकअप से कुल 17 नग सागौन लट्ठे बरामद किए गए। विभागीय माप के अनुसार इनकी मात्रा 1.452 घनमीटर है। जब्त वनोपज की कीमत 78,651.40 रुपए आंकी गई है। वहीं पिकअप वाहन का अनुमानित मूल्य करीब 3.50 लाख रुपए बताया गया है। इस तरह वाहन और जब्त काष्ठ की कुल अनुमानित कीमत 4.28 लाख रुपए से अधिक है।
वन विभाग की जानकारी के अनुसार मामले में रतनखण्डी निवासी दिलीप कुमार पटेल का नाम सामने आया है। हालांकि मामले में आगे की कार्रवाई संबंधित दस्तावेजों और जांच के आधार पर की जा रही है।
वन अधिनियम के तहत प्रकरण..
वन विभाग ने मामले में भारतीय वन अधिनियम, 1927 की धारा 33(1)(क) और 52 के तहत कार्रवाई की है। इसके अलावा छत्तीसगढ़ वनोपज व्यापार विनियमन अधिनियम, 1969 की संबंधित धाराओं तथा छत्तीसगढ़ अभिवहन गमन (वनोपज) नियम, 2001 के प्रावधानों के तहत भी प्रकरण दर्ज किया गया है।
जब्त वाहन और वनोपज को नियमानुसार आगे की कार्रवाई के लिए एसडीओ, बिलासपुर के समक्ष भेजा गया है। विभाग के अनुसार जब्त पिकअप को राजसात करने की प्रक्रिया भी शुरू की गई है।
रात में भी जारी है वन क्षेत्रों की निगरानी..
रतनपुर क्षेत्र में तड़के करीब 3 बजे हुई इस कार्रवाई से यह स्पष्ट है कि वन विभाग की निगरानी केवल दिन के समय तक सीमित नहीं है। वन क्षेत्रों से इमारती लकड़ी के अवैध परिवहन को रोकने के लिए रात में भी गश्त और वाहनों की जांच की जा रही है। विभाग का कहना है कि वन संपदा की सुरक्षा और अवैध परिवहन पर रोक लगाने के लिए आगे भी इसी तरह निगरानी जारी रहेगी।
कार्रवाई मुख्य वन संरक्षक, बिलासपुर वन वृत्त, वनमंडलाधिकारी बिलासपुर और उप वनमंडलाधिकारी बिलासपुर के मार्गदर्शन में रतनपुर वन परिक्षेत्र के अमले ने की। कार्रवाई में बीएफओ एवं परिसर रक्षक बांसाझाल मनोज कुमार पैकरा सहित वन विभाग के कर्मचारी शामिल रहे।