रानीगांव में महिला की जमीन पर कब्जे का आरोप
निर्माण रोकने रतनपुर थाने में शिकायत
बिलासपुर। रतनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम रानीगांव में निजी जमीन पर जबरन कब्जा कर मकान निर्माण कराने का मामला सामने आया है। ग्राम सकरी निवासी महिला केसा साहू ने जूनाशहर रतनपुर निवासी नवीन धुरी और शुभम धुरी पर उसकी स्वामित्व वाली जमीन पर कब्जा कर अवैध निर्माण कराने का आरोप लगाया है। महिला ने मामले की शिकायत रतनपुर थाने में करते हुए निर्माण कार्य पर तत्काल रोक लगाने और अपनी भूमि पर हक-अधिकार दिलाने की मांग की है।
दरअसल शिकायत के अनुसार केसा साहू पति रामलखन साहू 44 वर्ष ग्राम सकरी में रहती हैं। उनकी जमीन ग्राम रानीगांव, प.ह.नं. 11, थाना-तहसील रतनपुर में स्थित है। खसरा नंबर 1710/2 की 0.0240 हेक्टेयर भूमि राजस्व दस्तावेज में उनके नाम दर्ज होने का दावा किया गया है। महिला का आरोप है कि नवीन धुरी और शुभम धुरी, दोनों पिता गिरधारी लाल धुरी, निवासी वार्ड क्रमांक 15 जूनाशहर रतनपुर, उक्त भूमि पर जबरन कब्जा कर मकान का निर्माण करा रहे हैं।
शिकायतकर्ता के मुताबिक उसने निर्माण का विरोध करते हुए दोनों को जमीन अपनी होने की जानकारी दी, लेकिन उन्होंने निर्माण कार्य बंद नहीं किया,आरोप है कि विरोध करने पर दोनों ने अभद्र व्यवहार भी किया, इसके बाद महिला ने थाने पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत की।
महिला ने पुलिस से भूमि पर चल रहे निर्माण कार्य को तत्काल रुकवाने और मामले की जांच कर वैधानिक कार्रवाई करने की मांग की है। शिकायत के साथ आधार कार्ड, भूमि का बी-1, खसरा पांचसाला और पटवारी प्रतिवेदन व पंचनामा की प्रतियां भी संलग्न की गई हैं।