लुतरा शरीफ में 68 वें सालाना उर्स-ए-पाक की रौनक चरम पर

देशभर से पहुंच रहे जायरीन, 30 सितंबर और 1 अक्टूबर को सजेगी कव्वाली की महफिल
रतनपुर से वासित अली की रिपोर्ट
लुतरा शरीफ। शहंशाह-ए-छत्तीसगढ़ हजरत बाबा सैय्यद इंसान अली शाह रहमतुल्लाहि अलैह का 68वां सालाना उर्स-ए-पाक सोमवार को पारंपरिक परचम कुशाई के साथ अकीदत और एहतराम के माहौल में विधिवत शुरू हुआ। उर्स के आगाज के साथ ही लुतरा शरीफ की पाक सरजमीं पर देशभर से आने वाले जायरीनों की आमद तेज हो गई है। दरगाह परिसर अकीदतमंदों की आवाजाही से गुलजार है।

छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के अलावा देश के अलग-अलग राज्यों से पहुंचे जायरीन बाबा की बारगाह में हाजिरी देकर अकीदत के फूल पेश कर रहे हैं और अपनी मुरादों के लिए दुआएं कर रहे हैं।
30 सितंबर और 1 अक्टूबर को होगी शानदार कव्वाली
उर्स के दौरान लुतरा शरीफ में दो रात शानदार कव्वाली की महफिल सजाई जाएगी। 30 सितंबर को देश के मशहूर कव्वाल मुस्तफा अजीज नाजा अपनी बेहतरीन कव्वाली पेश करेंगे। वहीं 1 अक्टूबर को हिंदुस्तान के मशहूर कव्वाल रईस अनीस साबरी अपनी सूफियाना कव्वाली से समां बांधेंगे। दोनों कार्यक्रमों का आयोजन रात्रि 10 बजे से किया जाएगा।
मशहूर कव्वालों की प्रस्तुतियों को लेकर अकीदतमंदों में खासा उत्साह है और बड़ी संख्या में जायरीनों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। इसे देखते हुए दरगाह इंतेजामिया कमेटी ने व्यापक व्यवस्थाएं की हैं। पुलिस प्रशासन भी सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर मुस्तैदी से जुटा हुआ है तथा शासन-प्रशासन का सहयोग भी कमेटी को मिल रहा है।
जायरीनों की सुविधा के लिए 24 घंटे आम लंगर
दरगाह इंतेजामिया कमेटी के अध्यक्ष जनाब इकबाल हक ने उर्स में शामिल होने पहुंचे सभी जायरीनों का इस्तकबाल करते हुए उर्स के दौरान शांति और व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।
कमेटी के खजांची जनाब फैजान अहमद शिबू ने बताया कि उर्स के दौरान कमेटी की ओर से 24 घंटे आम लंगर जारी रहेगा। इसके साथ ही पेयजल, साफ-सफाई और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा गया है। जायरीनों की सुविधा के लिए जगह-जगह डस्टबिन लगाए गए हैं तथा बाहर से आने वाले अकीदतमंदों के लिए भोजन और ठहरने की समुचित व्यवस्था की गई है। उन्होंने पुलिस प्रशासन की ओर से मिल रहे सहयोग की भी जानकारी दी।
सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम
इंतेजामिया कमेटी के सदस्य मुशर्रफ़ खान ने बताया कि 30 सितंबर और 1 अक्टूबर को जायरीनों की बड़ी संख्या में आमद की संभावना को देखते हुए विशेष इंतजाम किए गए हैं। बाहर से आने वाले जायरीनों के खाने और ठहरने की व्यवस्था के साथ ही कव्वाली कार्यक्रम के दौरान भीड़ को देखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि कव्वाली कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज जी एवं भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा,प्रदेश अध्यक्ष मखमूर खान जी उपस्थित रहेंगे।
पूरी टीम व्यवस्था में जुटी
68वें सालाना उर्स-ए-पाक को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए
इंतेजामिया कमेटी के अध्यक्ष इकबाल हक, खजांची फैजान अहमद शिबू, नायब खजांची जावेद रब्बानी, सदस्य एजाज भाई, मुशर्रफ़ खान, वहाब खान, अनवारुल हक, करीम भाई, शाहनवाज, अब्दुल गफ्फार, नजीर अहमद, सज्जाद सिद्दीकी, कुद्दूस भाई सहित तमाम कमेटी के मेंबरान व्यवस्थाओं में जुटे हुए हैं।
लुतरा शरीफ में चल रहे 68वें सालाना उर्स-ए-पाक को लेकर अकीदतमंदों में उत्साह का माहौल है। दरगाह परिसर में लगातार जायरीनों की आमद जारी है और आगामी दो दिनों में होने वाली कव्वाली की महफिलों को लेकर लुतरा शरीफ में रौनक और बढ़ने की उम्मीद है।