Blog

वरिष्ठजनों के लिए खेलकूद से सम्मान तक

1 अक्टूबर को होगा विशेष आयोजन

सायबर अपराध के प्रति भी किया जाएगा जागरूक

बिलासपुर – अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर 1 अक्टूबर को वरिष्ठ नागरिकों के लिए विभिन्न कार्यक्रम और गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

आयोजन की तैयारियों को लेकर समाज कल्याण विभाग के संयुक्त संचालक तिलकेश प्रसाद भावे की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई। इसमें वरिष्ठ नागरिकों के लिए संचालित संस्थाओं, पेंशनर संगठनों और सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। बैठक में तय किया गया कि 30 सितंबर को सुबह 11 बजे बृहस्पति बाजार स्थित अनुभव भवन में वरिष्ठ नागरिकों के लिए खेलकूद प्रतियोगिताएं होंगी। इनमें कुर्सी दौड़, मटका फोड़, बकेट बॉल, पासिंग बॉल सहित विभिन्न मनोरंजक गतिविधियां शामिल रहेंगी। वहीं 1 अक्टूबर को सुबह 9.30 बजे से पंडित देवकीनंदन दीक्षित सभा गृह, शनिचरी में कार्यक्रम शुरू होगा। इसमें वरिष्ठ नागरिकों का पंजीयन, स्वास्थ्य परीक्षण और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके बाद जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में वरिष्ठ नागरिक सम्मान समारोह होगा। कार्यक्रम के दौरान विशेष आवश्यकता वाले चिन्हित वरिष्ठजनों को स्वास्थ्य परीक्षण के बाद वॉकर, स्टिक, श्रवण यंत्र और व्हीलचेयर प्रदान किए जाएंगे। आयोजन का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को सम्मान

देने के साथ उनके स्वास्थ्य, सक्रिय सहभागिता और सामाजिक जुड़ाव को बढ़ावा देना है। बैठक में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान की गतिविधियों पर भी विशेष चर्चा की गई। अधिकारियों और सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने कार्यक्रमों को व्यवस्थित और सफल बनाने के लिए आवश्यक तैयारियों पर विचार-विमर्श किया। संयुक्त संचालक तिलकेश प्रसाद भावे ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान कार्यशाला में वरिष्ठ जनों को सायबर

अपराध

जैसे डिजिटल अरेस्ट के बारे में भी जागरूक किया जायेगा, जो कि इस समय अति आवश्यक है। इस अवसर पर उप नियंत्रक बबिता कमलेश, सहायक संचालक सुमित केशरवानी, परिवीक्षा अधिकारी सरस्वती अग्रवाल सहित सत्यभामा अवस्थी, राकेश जैन, बालगोविंद अग्रवाल, नित्यानंद अग्रवाल, राजेंद्र कश्यप, रंजन प्रधान, प्रशांत मोकाशे, श्याम तिवारी, वीके सिंह, प्रशांत द्विवेदी, निरंकार तिवारी, अशोक अग्रवाल, आकांक्षा साहू और सौरभ दीवान सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *