Blog

वाहन चेकिंग के दौरान आरक्षक को वाहन से कुचलने का प्रयास, नागपुर के 2 आरोपी गिरफ्तार,टोल प्लाजा के पास वाहन चेकिंग के दौरान तेज रफ्तार कार चालक द्वारा आरक्षक को कुचलने का प्रयास किया गया

वाहन में ब्लैक फिल्म लगी होने एवं रोकने के संकेत के बावजूद आरोपी तेज गति से वाहन चलाते हुए भागने का प्रयास किए

यातायात पुलिस टीम द्वारा पीछा कर सिरसा गेट के पास वाहन सहित 02 आरोपियों को पकड़ा गया

आरोपियों के विरुद्ध शासकीय कार्य में बाधा, हत्या के प्रयास एवं मोटर व्हीकल एक्ट के तहत वैधानिक कार्यवाही की गई

दुर्ग । यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा कुम्हारी टोल प्लाजा के पास वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। वाहन चेकिंग ड्यूटी में सउनि सुशील पाण्डेय के हमराह आरक्षक रमेश चंद्राकर की ड्यूटी रायपुर से दुर्ग मार्ग पर लगाई गई थी।

चेकिंग के दौरान लगभग 12:40 बजे वाहन क्रमांक MH 02 AY 3475 तेज गति से रायपुर की ओर से दुर्ग की तरफ आते दिखाई दिया, जिसमें ब्लैक फिल्म लगी हुई थी। आरक्षक रमेश चंद्राकर द्वारा वाहन रोकने का संकेत देने पर चालक द्वारा वाहन को और तेज गति से चलाते हुए आरक्षक के ऊपर चढ़ाने का प्रयास किया गया। स्वयं को बचाने के दौरान आरक्षक के दाहिने हाथ की उंगली में चोट आई तथा वह वाहन के सामने गिर गया। आरोपियों द्वारा वाहन से सिर के ऊपर भी वाहन चढ़ाने का प्रयास किया गया, किन्तु आरक्षक द्वारा सतर्कता से पीछे हटकर स्वयं को सुरक्षित किया गया।

घटना के पश्चात वाहन चेकिंग में लगे अन्य स्टाफ द्वारा यातायात पुलिस वाहन से उक्त कार का पीछा कर सिरसा गेट के पास वाहन को पकड़ा गया। वाहन में 02 युवक एवं 02 युवतियां संदिग्ध अवस्था में मिले। पूछताछ पर आरोपियों ने अपना नाम रमजान एवं जाकिर मोहम्मद निवासी नागपुर बताया।

प्रकरण में थाना कुम्हारी में अपराध क्रमांक 144/2026 धारा 109(1), 221, 3(5) बीएनएस एवं धारा 184, 100 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। घटना में प्रयुक्त वाहन जप्त कर आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। वाहन में उपस्थित युवतियों के परिजनों को सूचना देकर बयान लिया जा रहा है तथा प्राप्त तथ्यों के आधार पर अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।

▪️ घटना का कारण :
वाहन चेकिंग से बचने एवं पुलिस कार्रवाई से बचने के उद्देश्य से आरोपीगण द्वारा लापरवाहीपूर्वक एवं जानलेवा तरीके से वाहन चलाया गया।

▪️ घटनास्थल :
कुम्हारी टोल प्लाजा के पास, रायपुर-दुर्ग मार्ग

▪️ आरोपी का नाम :

1. रमजान, निवासी न्यू नेहरू नगर, नागपुर

2. जाकिर मोहम्मद, निवासी बड़ा ताजबाग, सक्करदारा, नागपुर


▪️ जप्त सामग्री :

1. वाहन क्रमांक MH 02 AY 3475

▪️ सराहनीय भूमिका :
उक्त कार्यवाही में यातायात पुलिस दुर्ग के सउनि सुशील पाण्डेय, आरक्षक रमेश चंद्राकर एवं वाहन चेकिंग ड्यूटी में तैनात पुलिस स्टाफ की त्वरित एवं सतर्क कार्यवाही सराहनीय रही।

▪️ दुर्ग पुलिस की अपील :
दुर्ग police आम नागरिकों से अपील करती है कि वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करें तथा पुलिस जांच एवं वाहन चेकिंग में सहयोग करें। शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने एवं कानून व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *