विश्व रक्तदाता दिवस पर 14वें वर्ष विशाल रक्तदान शिविर 14 जून को….लायंस क्लब भवन सीएमडी चौक में होगा आयोजन

नागरिकों से अधिकाधिक संख्या में रक्तदान करने की अपील
बिलासपुर।विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर रविवार को प्रातः 10 बजे से सायं 5:00 बजे तक लायंस क्लब भवन, सीएमडी. चौक, बिलासपुर में 14वें वर्ष के विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। एकता ब्लड बैंक, बिलासपुर के सहयोग एवं समर्थन से आयोजित यह शिविर विगत 13 वर्षों से निरंतर मानव सेवा के संकल्प के साथ आयोजित किया जा रहा है तथा इस वर्ष इसका 14वाँ आयोजन संपन्न होगा।

आयोजकों ने बिलासपुर एवं आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों, युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, विद्यार्थियों, कर्मचारियों, व्यापारियों तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के सदस्यों से इस पुनीत कार्य में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है।
रक्तदान को महादान कहा जाता है क्योंकि मानव रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प उपलब्ध नहीं है। दुर्घटनाओं, गंभीर बीमारियों, कैंसर, थैलेसीमिया, प्रसूति संबंधी आपात स्थितियों एवं विभिन्न शल्य चिकित्सा प्रक्रियाओं में प्रतिदिन बड़ी मात्रा में रक्त की आवश्यकता पड़ती है। विशेषज्ञों के अनुसार एक यूनिट रक्तदान से तीन लोगों तक का जीवन बचाया जा सकता है। नियमित रक्तदान न केवल समाज के लिए उपयोगी है, बल्कि स्वास्थ्य की दृष्टि से भी सुरक्षित एवं लाभकारी माना जाता है।

आयोजकों ने बताया कि 18 से 65 वर्ष की आयु का प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति रक्तदान कर सकता है। रक्तदान की संपूर्ण प्रक्रिया प्रशिक्षित चिकित्सकीय टीम एवं तकनीकी विशेषज्ञों की देखरेख में संपन्न होगी तथा सभी स्वास्थ्य एवं सुरक्षा मानकों का पूर्णतः पालन किया जाएगा।
इस मानवीय अभियान के सफल आयोजन में एरीना एनीमेशन, पिनकल डिज़ाइन एरीना,द फाउंडेशन क्रिकेट अकादमी बिलासपुर,पंजाबी मानव सेवा, सेवा भारती,विश्व हिन्दू परिषद, बजरंग दल, लायंस क्लब बिलासपुर, विनायक नेत्रालय, सवेरा एक नई किरण वेलफेयर सोसायटी, बीएनआई , न्यू जनरेशन फैमिली स्टोर,, राष्ट्रीय सेवा योजना , कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स , ऑल इंडिया पीएनबी ऑफिसर्स एसोसिएशन बिलासपुर सर्किल, चौकसे ग्रुप ऑफ कॉलेजेस, सी.एम.डी. पी.जी. कॉलेज, जिला उद्योग संघ बिलासपुर, शरण्या शिक्षा एवं सेवा समिति, छत्तीसगढ़ एजुकेशन एंड ट्रेनिंग एसोसिएशन तथा रक्तमित्र सहित अनेक सामाजिक, शैक्षणिक एवं व्यावसायिक संगठनों का सक्रिय सहयोग प्राप्त हो रहा है।
आयोजन समिति में प्रमुख रूप से ऑल इंडिया पीएनबी पेंशनर्स एसोसिएशन के चेयरमैन ललित अग्रवाल, लायंस क्लब एवं गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी दयालबंद से मंजीत अरोरा, ज्येष्ठ नागरिक संघ एवं कान्यकुब्ज ब्राह्मण समिति के अध्यक्ष श्री अरविंद दीक्षित तथा संदीप गुप्ता विशेष रूप से सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
आयोजकों ने सभी नागरिकों से आग्रह किया है कि वे अपने परिवार, मित्रों एवं सहकर्मियों सहित रक्तदान शिविर में उपस्थित होकर मानवता की सेवा के इस महाअभियान का हिस्सा बनें तथा किसी जरूरतमंद को जीवन का अमूल्य उपहार प्रदान करें।