Blog

शासकीय महामाया महाविद्यालय रतनपुर में नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

रतनपुर से वासित अली की रिपोर्ट

रतनपुर। शासकीय महामाया महाविद्यालय, रतनपुर में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई के तत्वावधान में नशा मुक्ति के प्रति जागरूकता उत्पन्न करने के उद्देश्य से नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई तथा उन्हें नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए देवलाल उइके ने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य एवं व्यक्तित्व को प्रभावित करने के साथ-साथ उसके परिवार और समाज पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालता है। विशेष रूप से युवाओं को नशे की प्रवृत्ति से दूर रहकर स्वस्थ, अनुशासित एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनानी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से न केवल स्वयं नशे से दूर रहने, बल्कि अपने आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का संचालन सुश्री अर्पणा गौतम ने किया। उन्होंने नशा मुक्ति को स्वस्थ एवं सशक्त समाज के निर्माण के लिए आवश्यक बताते हुए विद्यार्थियों को नशे के विरुद्ध जागरूकता फैलाने और समाज में सकारात्मक वातावरण निर्मित करने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर उपस्थित विद्यार्थियों एवं सदस्यों को राष्ट्रीय नशा मुक्ति शपथ दिलाई गई। सभी ने नशे से दूर रहने, नशीले पदार्थों के सेवन का विरोध करने तथा समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय सहभागिता निभाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. राजेश कुमार राय, एस. के. धारी, लेखापाल सी. पी. कोरी, प्रकाश सोनी, सुरेंद्र भार्गव, राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक नवदीप पांडेय एवं मधु प्रधान सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *