Blog

सफाई व्यवस्था में लापरवाही,पंकज कंस्ट्रक्शन पर 10 हजार का जुर्माना

कचरा फैलाने पर सात दुकानदारों के खिलाफ भी जुर्माना लगाया गया

शहर में खाली प्लाट की सफाई से लेकर डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण तक दिए गए कड़े निर्देश

बिलासपुर, । नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे के निर्देश पर अपर आयुक्त खजांची कुम्हार एवं जोन आयुक्त अंकुर पांडेय ने आज जोन क्रमांक-04 के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सफाई व्यवस्था में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं सफाई एजेंसियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए तथा पर्याप्त श्रमिक उपलब्ध नहीं कराने पर पंकज कंस्ट्रक्शन पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।

निरीक्षण के दौरान लायन सर्विसेस को खाली प्लाटों की सफाई कराने तथा वहां नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं रामकी कंपनी को सभी डस्टबिन की नियमित सफाई कराने के साथ ही मुख्य मार्गों पर अनावश्यक रूप से रखे डस्टबिन को हटाने के निर्देश दिए गए।डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए अधिकारियों ने रात्रि 10 बजे तक श्रीकांत वर्मा रूट पर विशेष रूप से कचरा संग्रहण वाहन चलाने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कोई भी व्यक्ति, दुकान, प्रतिष्ठान या संस्था कचरा संग्रहण वाहन में कचरा देने के बजाय सड़क, खाली प्लाट अथवा सार्वजनिक स्थान पर कचरा फैलाता पाया गया तो उसके विरुद्ध जुर्माने सहित नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान फील्ड में ठेका कर्मचारी उपस्थित नहीं थे,जिस पर पर पंकज कंस्ट्रक्शन पर 10,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया। अधिकारियों ने संबंधित ठेकेदार को निर्धारित संख्या में पर्याप्त श्रमिक उपलब्ध कराकर सभी क्षेत्रों में नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा विद्या नगर में सार्वजनिक स्थान पर कचरा फैलाने वाले 7 दुकानदारों पर कार्रवाई करते हुए कुल 1,400 रुपये का जुर्माना वसूला गया। अधिकारियों ने दुकानदारों और नागरिकों से अपील की कि कचरा खुले में न फेंकें और निगम की डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था का उपयोग करें।
अपर आयुक्त श्री खजांची कुम्हार ने कहा कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सफाई कार्य में लापरवाही करने वाले ठेकेदारों तथा सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फैलाने वालों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जाएगी।

  • शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर दिशा निर्देश*

शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर और दुरूस्त करने के लिए स्वास्थ्य विभाग,सभी जोन कमिश्नर,ठेका एजेंसियों को विस्तृत रूप से दिशा निर्देश जारी किए गए है,जिसमें सभी जोन कमिश्नरों को सफाई कार्यों की निगरानी और निर्देशों के पालन कराने की जिम्मेदारी दी गई है। स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी जिनमें स्वच्छता निरीक्षक प्रमुख है उन्हें भी सफाई कार्य के क्रियान्वयन और माॅनिटरिंग को लेकर निर्देश दिए गए है। सफाई और कचरा कलेक्शन एजेंसी लायंस सर्विसेस और रामकी को भी निर्देश दिए गए है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *