सर्वेश्वरी समूह का 66वां स्थापना दिवस 21 सितंबर कोभक्तिमय एवं श्रद्धामय वातावरण में होंगे विविध आयोजन
बिलासपुर। श्री सर्वेश्वरी समूह शाखा सेंन्दरी (कोनी), बिलासपुर के अघोरपीठ आश्रम प्रांगण में सर्वेश्वरी समूह का गौरवशाली 66वां स्थापना दिवस समारोह 21 सितंबर 2026, सोमवार को हर्षोल्लास एवं भक्तिमय वातावरण में मनाया जाएगा। इस अवसर पर विभिन्न धार्मिक, सामाजिक एवं सेवा कार्यों का आयोजन किया जाएगा।
समारोह की शुरुआत प्रातः 5 बजे आश्रम प्रांगण की साफ-सफाई एवं श्रमदान से होगी। सुबह 6 बजे नगर की जीवनदायिनी अरपा नदी से कलशों में जल भरकर सामूहिक जयघोष एवं संकीर्तन के साथ कलश यात्रा निकाली जाएगी।
इसके पश्चात सुबह 7 बजे कार एवं बाइक से प्रभात फेरी निकाली जाएगी। प्रभात फेरी आश्रम प्रांगण से कोनी, सीपत चौक, नया पुल, नेहरू चौक, राजेंद्र नगर, अग्रसेन चौक, पुराना बस स्टैंड, तेलीपारा, गोलबाजार, सदर बाजार एवं देवकीनंदन चौक होते हुए पुराने पुल और सीपत चौक के रास्ते पुनः आश्रम प्रांगण पहुंचेगी।
स्थापना दिवस के अवसर पर सुबह 9 बजे ध्वजारोहण, पावन सद्ग्रंथ सफल योनि का पाठ, पूजा-अराधना एवं आरती होगी। इसके पश्चात सूक्ष्म प्रसाद वितरण किया जाएगा। सुबह 11:30 बजे पारिवारिक विचार गोष्ठी का आयोजन होगा, जिसके बाद भंडारा रखा गया है। वहीं शाम को भजन-कीर्तन का आयोजन किया जाएगा।
अघोराचार्य महाराज किनाराम जी के लोलार्क षष्ठी पर्व पर निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर –
श्री सर्वेश्वरी समूह शाखा के मंत्री उमेश नारायण मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि आगामी 17 सितंबर 2026, गुरुवार को अघोराचार्य महाराज किनाराम जी के लोलार्क षष्ठी पर्व के पावन अवसर पर बिलासपुर शाखा आश्रम प्रांगण में प्रातः 11 बजे से निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाएगा।
इस स्वास्थ्य शिविर का उद्देश्य आसपास के ग्रामीण एवं जरूरतमंद लोगों को स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराना है। शाखा मंत्री ने आसपास के सभी ग्रामीणजनों एवं नागरिकों से अपील की है कि वे इस निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
18 सितंबर को मनाया जाएगा अघोरेश्वर जयंती पर्व-
इसी क्रम में 18 सितंबर 2026, शुक्रवार को आश्रम प्रांगण में अघोरेश्वर पर्व श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर विशेष पूजा-अर्चना एवं धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
समारोह को सफल बनाने के लिए समूह द्वारा कार्य-विभाजन कर सदस्यों को विभिन्न दायित्वों का प्रभारी बनाया गया है। शाखा के मंत्री उमेश नारायण मिश्रा ने सभी श्रद्धालुओं एवं समूह के सदस्यों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर स्थापना दिवस समारोह एवं आगामी धार्मिक-सामाजिक कार्यक्रमों को सफल बनाने की अपील की है।