सस्पेंशन के बाद अब FIR की गाज; विवादित ASI दिनेश तिवारी पर मारपीट का मुकदमा दर्ज

बिलासपुर। रतनपुर थाने में पदस्थ विवादित सहायक उप निरीक्षक दिनेश तिवारी की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। शिकायतकर्ता से दुर्व्यवहार के मामले में निलंबन की कार्रवाई के बाद, अब पुलिस ने उनके खिलाफ रतनपुर थाने में ही मारपीट सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है।यह पूरी कार्रवाई शिकायतकर्ता विनोद कुमार जायसवाल की शिकायत पर की गई है। बताया जा रहा है कि थाने के भीतर हुए इस दुर्व्यवहार और मारपीट के पुख्ता साक्ष्य CCTV फुटेज के रूप में सामने आए हैं। फुटेज मिलने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों ने मामले को बेहद गंभीरता से लिया, जिसके आधार पर न केवल निलंबन हुआ, बल्कि अब आपराधिक मामला भी दर्ज किया गया है।पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि वर्दी की गरिमा के खिलाफ जाकर किया गया अशोभनीय आचरण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विभागीय जांच के साथ-साथ अब तिवारी को कानूनी प्रक्रिया का भी सामना करना होगा।