Blog

साइबर अपराध से बचाव के लिए विद्यार्थियों को किया जागरूक, करियर को लेकर भी मिला मार्गदर्शन

शासकीय महामाया महाविद्यालय रतनपुर में पुलिस प्रशासन के सहयोग से आयोजित हुआ जागरूकता कार्यक्रम, एएसआई प्रतिभा पटेल ने बताए साइबर ठगी से बचने के उपाय

रतनपुर से वासित अली की रिपोर्ट

रतनपुर। शासकीय महामाया महाविद्यालय रतनपुर में पुलिस प्रशासन के सहयोग से विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने एवं उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए करियर मार्गदर्शन प्रदान करने के उद्देश्य से साइबर क्राइम जागरूकता एवं करियर मार्गदर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. ए. के. लहरे ने की।


कार्यक्रम में रतनपुर की एएसआई प्रतिभा पटेल मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने विद्यार्थियों को डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों के विभिन्न स्वरूपों की जानकारी देते हुए ऑनलाइन ठगी से बचने के लिए आवश्यक सावधानियां बताईं।
एएसआई प्रतिभा पटेल ने कहा कि मोबाइल, इंटरनेट, सोशल मीडिया, ऑनलाइन बैंकिंग एवं डिजिटल भुगतान के बढ़ते उपयोग के साथ साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहना बेहद जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों को समझाया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, UPI PIN, बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी, पासवर्ड अथवा व्यक्तिगत जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए।
उन्होंने फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक, एसएमएस, ई-मेल एवं सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाली धोखाधड़ी से सावधान रहने की अपील की। साथ ही साइबर अपराध होने की स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल उचित माध्यम से शिकायत करने तथा समय पर कार्रवाई सुनिश्चित करने की जानकारी दी।


करियर को लेकर भी विद्यार्थियों को दिए उपयोगी टिप्स
कार्यक्रम के दौरान एएसआई प्रतिभा पटेल ने विद्यार्थियों के करियर मार्गदर्शन पर भी विस्तार से चर्चा की। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी रुचि एवं क्षमता के अनुसार लक्ष्य निर्धारित करने, अनुशासन बनाए रखने तथा निरंतर अध्ययन के माध्यम से अपने भविष्य को बेहतर बनाने के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगी परीक्षाओं एवं रोजगार के विभिन्न अवसरों को लेकर भी विद्यार्थियों को उपयोगी जानकारी दी गई।
प्राचार्य डॉ. ए. के. लहरे ने कहा—जागरूकता ही साइबर सुरक्षा की पहली सीढ़ी
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य डॉ. ए. के. लहरे ने कहा कि वर्तमान समय में विद्यार्थियों के बीच साइबर सुरक्षा को लेकर जागरूकता अत्यंत आवश्यक है। तकनीक ने जीवन को आसान बनाया है, लेकिन इसके सुरक्षित उपयोग के लिए प्रत्येक व्यक्ति का सजग एवं जिम्मेदार होना जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों से साइबर सुरक्षा संबंधी जानकारी को अपने परिवार एवं समाज तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. के. ए. कौशिक, प्रो. शिल्पा यादव, प्रो. एस. के. धारी, ग्रंथपाल श्री ए. के. गुप्ता सहित अन्य शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का मंच संचालन प्रो. एस. एस. पाण्डेय ने किया। उन्होंने कार्यक्रम की विभिन्न गतिविधियों को क्रमबद्ध रूप से संचालित करते हुए विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के प्रति सजग रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के अंत में प्रो. देवलाल उइके ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। उन्होंने पुलिस प्रशासन, मुख्य वक्ता एएसआई प्रतिभा पटेल, महाविद्यालय के प्राचार्य, प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव, सुरक्षित डिजिटल व्यवहार और ऑनलाइन धोखाधड़ी से सतर्क रहने के साथ-साथ बेहतर करियर विकल्पों के प्रति जागरूक करना रहा। विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता करते हुए साइबर सुरक्षा एवं करियर से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *