Blog

सीपत प्रेस क्लब के उपाध्यक्ष पर चाकू और रापा से हमला,दो आरोपियों पर केस दर्ज

बिलासपुर ।सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम धनिया में खेत के कब्जे के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। सीपत प्रेस क्लब के उपाध्यक्ष एवं किसान कोमल पाटनवार पर कथित तौर पर चाकू और रापा से हमला कर दिया गया। हमले में उनके हाथ, पैर और पीठ पर चोटें आई हैं। घटना की शिकायत पर सीपत पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सीपत पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम धनिया निवासी कोमल पाटनवार पेशे से पत्रकार है जो खेती-किसानी का कार्य करते हैं। उन्होंने अपनी शिकायत में बताया कि वे पिछले तीन वर्षों से लालजी पाटनवार की कृषि भूमि को अधिया पर जोत रहे हैं। उक्त भूमि को लेकर लालजी पाटनवार और गोपाल पाटनवार के बीच कब्जे का विवाद पहले से चल रहा है। शिकायत के मुताबिक, 11 जुलाई की शाम करीब 5:30 बजे कोमल पाटनवार खेत देखने पहुंचे। वहां उन्होंने देखा कि गोपाल पाटनवार और माधो पाटनवार ट्रैक्टर से खेत की जुताई कर लौट रहे थे। इस पर उन्होंने आपत्ति जताते हुए कहा कि वे पिछले तीन वर्षों से इस खेत की खेती कर रहे हैं और बिना अनुमति जुताई कैसे कर दी गई। आरोप है कि इस बात पर दोनों आरोपी भड़क गए और गाली-गलौज करने
लगे। जब कोमल पाटनवार ने विरोध किया तो दोनों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। शिकायत के अनुसार, माधो पाटनवार ने हाथ में रखे चाकू से हमला किया, जबकि गोपाल पाटनवार ने रापा से मारपीट की। हमले में कोमल पाटनवार के बाएं हाथ की पांचों उंगलियों, दाहिने पैर के पंजे तथा पीठ पर चोटें आईं। पीड़ित ने बताया कि घटना के तुरंत बाद उन्होंने फोन पर लालजी पाटनवार को भी इसकी जानकारी दी। सीपत थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी गोपाल प्रसाद पाटनवार और माधो पाटनवार के खिलाफ धारा 115(2), 296, 351(3) तथा 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

बॉक्स
पत्रकार के साथ हमला होने पर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग

इस घटना के बाद पत्रकारों और स्थानीय नागरिकों में भी नाराजगी देखी जा रही है। चूंकि घायल कोमल पाटनवार सीपत प्रेस क्लब के उपाध्यक्ष हैं, इसलिए पत्रकारों ने आरोपियों के खिलाफ निष्पक्ष और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि खेत के विवाद और हमले से जुड़े सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *