सेजेस अंबेडकर में 76 बालिकाओं को मिली सरस्वती साइकिल… शिक्षा, राष्ट्रभावना और नशामुक्त का विधायक अमर अग्रवाल ने दिया संदेश

बिलासपुर, 18 अगस्त 2026। विधायक अमर अग्रवाल ने मंगलवार को शहर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में सहभागिता करते हुए विद्यार्थियों, भाजपा कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने बालिका शिक्षा को प्रोत्साहन, राष्ट्रभावना, नशामुक्त समाज, विद्यालय विकास, संगठन की मजबूती और जनसेवा से जुड़े विषयों पर अपने विचार रखे।
सरस्वती साइकिल योजना से बालिका शिक्षा को बढ़ावा
सत्यम टॉकीज चौक स्थित स्वामी आत्मानंद डॉ. बी.आर. अंबेडकर विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में विधायक अमर अग्रवाल ने सरस्वती साइकिल योजना के तहत छात्राओं को साइकिल वितरित की। उन्होंने कहा कि इस योजना से बालिकाओं की विद्यालय तक पहुंच आसान हुई है और ड्रॉपआउट कम करने में मदद मिली है।

उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ ने वर्ष 2004 में बालिकाओं को विद्यालय आने-जाने के लिए साइकिल उपलब्ध कराने की पहल की थी, जिसे बाद में अन्य राज्यों ने भी अपनाया। उन्होंने कहा कि शिक्षा समाज और राष्ट्र के सर्वांगीण विकास का आधार है तथा युवा पीढ़ी देश के भविष्य की निर्माता है।

विद्यार्थियों के साथ ‘वंदेमातरम्’ का सामूहिक गायन
‘वंदेमातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर विधायक ने विद्यालय के विद्यार्थियों के साथ राष्ट्रगीत का सामूहिक गायन किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में राष्ट्र के प्रति गौरव, समर्पण और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने में सहायक हैं।

विद्यालय विकास के लिए 15 लाख रुपये की घोषणा
कार्यक्रम में विधायक अमर अग्रवाल ने विद्यालय की अधोसंरचना के विकास के लिए विधायक निधि से 15 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने तथा परिवार और समाज को नशामुक्त बनाने में योगदान देने की शपथ भी दिलाई।
उन्होंने कहा कि स्वस्थ, अनुशासित और नशामुक्त युवा ही सशक्त भारत की मजबूत नींव बन सकते हैं। इस अवसर पर उन्होंने बाल कैबिनेट को शपथ दिलाते हुए विद्यालय के विकास में विद्यार्थियों की भागीदारी और जिम्मेदारी के महत्व पर भी जोर दिया।

‘भारत विश्वगुरु कैसे बनेगा?’ सवाल पर विद्यार्थियों से संवाद
विद्यार्थियों के साथ संवाद के दौरान एक छात्र ने विधायक से पूछा कि भारत विश्वगुरु कैसे बनेगा? इसके जवाब में अमर अग्रवाल ने कहा कि शिक्षा को केवल डिग्री प्राप्त करने तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि इसके माध्यम से ज्ञान, व्यक्तित्व और जीवन-मूल्यों का विकास करना चाहिए।
उन्होंने विद्यार्थियों से व्यक्तित्व विकास, स्वस्थ जीवनशैली और नशामुक्त जीवन अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि व्यक्ति स्वयं को बेहतर बनाएगा तो परिवार, समाज और राष्ट्र को बेहतर बनाने में भी योगदान दे सकेगा।
अगले सत्र से कॉमर्स विषय शुरू करने का आश्वासन
विद्यालय के प्राचार्य के आग्रह पर विधायक ने अगले शैक्षणिक सत्र से सेजेस डॉ. बी.आर. अंबेडकर विद्यालय में कॉमर्स विषय प्रारंभ करने के लिए आश्वस्त किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को उनकी रुचि, क्षमता और भविष्य की संभावनाओं के अनुरूप बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराना प्राथमिकता है।
विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से विधायक अमर अग्रवाल ने शिक्षा, युवा विकास, राष्ट्रभावना, नशामुक्ति और विद्यालयीन अधोसंरचना को लेकर अपनी प्राथमिकताओं को रेखांकित किया।
इस मौके पर शाला विकास समिति के संरक्षक महेश चंद्रिका पुरे, शाला प्राचार्य, शिक्षा अधिकारी, शिक्षकगण एवं पालक उपस्थित थे।