वीडियो वायरल होने की बात पर तीन युवक आपस में भिड़े

बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र के नूतन चौक में बीच सड़क हुए विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आते ही पुलिस ने मौके पर मौजूद तीन युवकों को प्रतिबंधात्मक धाराओं में गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर शहर में गश्त और असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई लगातार तेज की जा रही है।
इसी दौरान सरकंडा पुलिस को सूचना मिली कि नूतन चौक पर वीडियो वायरल होने की बात को लेकर कुछ युवक आपस में भिड़ गए हैं। टीम जैसे ही मौके पर पहुँची, तीन युवक—विकास साहू, अजय साहू और शमसाद खान—बीच चौराहे पर ही आपस में झगड़ा करते पाए गए।
पुलिस टीम ने उन्हें शांत कराने की कोशिश की, लेकिन सभी युवक उल्टा उत्तेजित हो गए और लोगों को धमकाने लगे। हालात को बिगड़ता देख पुलिस ने तीनों को तत्काल हिरासत में लिया और प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया।इधर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि थाना क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। ऐसे असामाजिक कृत्यों पर आगे भी कड़ी और वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।