Blog

सेवानिवृत्त बीएसपी कर्मचारी से ऑनलाइन ट्रेडिंग में निवेश के नाम पर ₹45.18 लाख की साइबर ठगी करने वाले आरोपी को बैतूल मध्यप्रदेश से दुर्ग पुलिस ने किया गिरफ्तार

▪️ फेसबुक पर ऑनलाइन ट्रेडिंग में अधिक लाभ का झांसा देकर सेवानिवृत्त बीएसपी कर्मचारी से विभिन्न बैंक खातों में ₹45,18,998 जमा कराए गए थे।

▪️ तकनीकी साक्ष्यों, बैंकिंग ट्रांजेक्शन एवं उपलब्ध डिजिटल जानकारी के विश्लेषण के आधार पर आरोपी की पहचान कर बैतूल से गिरफ्तारी की गई।

दुर्ग।थाना भिलाई नगर क्षेत्र निवासी सेवानिवृत्त बीएसपी कर्मचारी द्वारा दिनांक 10.03.2026 को फेसबुक पर ऑनलाइन ट्रेडिंग एवं निवेश संबंधी विज्ञापन देखा गया। विज्ञापन के माध्यम से संपर्क करने वाले व्यक्तियों द्वारा स्वयं को निवेश एवं ऑनलाइन ट्रेडिंग से संबंधित संस्था का प्रतिनिधि बताकर अधिक लाभ का लालच दिया गया।

आरोपियों द्वारा प्रार्थी से पंजीयन शुल्क, ट्रेडिंग निवेश एवं मार्जिन राशि सहित अन्य शुल्क के नाम पर विभिन्न तिथियों में अलग-अलग बैंक खातों में ऑनलाइन राशि जमा कराई गई। प्रार्थी द्वारा कुल ₹45,18,998 जमा किए जाने के बाद जब राशि वापस मांगी गई, तो आरोपियों द्वारा क्रॉस बॉर्डर ट्रांजेक्शन, टैक्स एवं अन्य शुल्क के नाम पर अतिरिक्त राशि की मांग की गई। इस पर प्रार्थी को साइबर ठगी का संदेह हुआ।

प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना भिलाई नगर में अपराध क्रमांक 217/2026, धारा 318(4) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। प्रकरण में तकनीकी साक्ष्यों, बैंकिंग ट्रांजेक्शन एवं उपलब्ध डिजिटल जानकारी का विश्लेषण करते हुए पुलिस टीम द्वारा आरोपी की पहचान की गई तथा उसकी तलाश कर मध्यप्रदेश के बैतूल जिले से आरोपी को गिरफ्तार किया गया। आरोपी को विधिवत न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है। प्रकरण में अन्य आरोपियों की संलिप्तता एवं ठगी की राशि के संबंध में विवेचना जारी है।

मॉडस ऑपरेंडी (अपराध करने का तरीका)

आरोपियों द्वारा सोशल मीडिया पर ऑनलाइन ट्रेडिंग एवं निवेश में अधिक लाभ का लालच देने वाले विज्ञापन के माध्यम से संपर्क कर स्वयं को संबंधित संस्था का प्रतिनिधि बताया गया। इसके बाद प्रार्थी को विभिन्न शुल्क एवं निवेश के नाम पर अलग-अलग बैंक खातों में राशि जमा करने के लिए प्रेरित किया गया। राशि वापस मांगने पर अतिरिक्त शुल्क एवं टैक्स के नाम पर पुनः राशि की मांग की गई।

घटना स्थल

ऑनलाइन माध्यम से फेसबुक एवं अन्य डिजिटल संचार माध्यमों के जरिए प्रार्थी से संपर्क कर साइबर ठगी की गई। राशि विभिन्न बैंक खातों में ऑनलाइन माध्यम से जमा कराई गई।

आरोपी का नाम

  1. विशाल नागले, उम्र 24 वर्ष, निवासी बैतूल, जिला बैतूल, मध्यप्रदेश।

जप्त सामग्री

  1. बैंक की 01 चेकबुक।
  2. 01 आधार कार्ड।
  3. घटना में प्रयुक्त 01 मोबाइल फोन।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *