सेवा संकल्प अभियान : बच्चों ने रंगों और शब्दों में गढ़ा सपनों का भारत,बच्चों की कलाकृतियों में विकसित भारत के सपनों की झलक : अमर अग्रवाल

चारों विकासखंडों के 120 प्रतिभागियों ने जिला स्तरीय प्रतियोगिता में दिखाई प्रतिभा
बिलासपुर/कहीं विज्ञान और प्रगति की कल्पना, तो कहीं स्वच्छ पर्यावरण और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का संदेश। ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर आयोजित जिला स्तरीय चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता में बच्चों ने रंगों और शब्दों के माध्यम से भारत के भविष्य की अपनी परिकल्पना प्रस्तुत की। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत स्वामी आत्मानंद शासकीय बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दयालबंद में आयोजित प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल थे। बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, महापौर पूजा विधानी एवं छत्तीसगढ़ पाठ्य पुस्तक निगम के अध्यक्ष राजा पाण्डेय, नगर निगम सभापति विनोद सोनी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कलेक्टर संजय अग्रवाल, नगर निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे, सीईओ जिला पंचायत संदीप अग्रवाल भी मौजूद थे। अमर अग्रवाल ने बच्चों की चित्रकला और भाषणों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी कलाकृतियां विकसित भारत के प्रति उनके सपनों और भावनाओं की अभिव्यक्ति हैं। विकसित भारत का स्वरूप आर्थिक संपन्नता के साथ सुरक्षित, शिक्षित और स्वस्थ समाज से बनता है। इसमें विज्ञान एवं अनुसंधान की प्रगति, युवाओं को रोजगार, किसानों को सिंचाई की सुविधा और पर्यावरण संतुलन के साथ अपनी सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण भी शामिल है।
बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान भविष्य के भारत की परिकल्पना को साकार करने के लिए मिलकर काम करने का अवसर है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का सेवाभाव इस संकल्प का प्रेरणास्रोत है। उन्होंने सेवा की भावना के साथ देश के विकास में सहभागिता निभाने पर बल दिया।
छत्तीसगढ़ पाठ्य पुस्तक निगम के अध्यक्ष श्री राजा पाण्डेय ने कहा कि नई पीढ़ी को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देना उनके आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता को बढ़ाता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदृष्टि का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों को विचार व्यक्त करने और अपनी क्षमताओं को निखारने के लिए प्रेरित करते हैं। अन्य अतिथियों ने भी बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
प्रतियोगिता में जिले के 1,822 विद्यालयों के लगभग 1 लाख 75 हजार बच्चों की प्रारंभिक स्तर पर भागीदारी के बाद चयनित प्रतिभागी शामिल हुए। जिला स्तर पर बिल्हा, तखतपुर, कोटा और मस्तूरी विकासखंडों के 80 बच्चों ने चित्रकला तथा 40 बच्चों ने भाषण प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। दोनों प्रतियोगिताएं कक्षा पहली से आठवीं और कक्षा नौवीं से बारहवीं के दो वर्गों में आयोजित की गईं।
भाषण प्रतियोगिता में कक्षा पहली से आठवीं के वर्ग में अखिलेश तिवारी ने 181 अंक के साथ प्रथम, अनिमेष साहू ने 174 अंक के साथ द्वितीय तथा परी राय ने 172 अंक के साथ तृतीय स्थान प्राप्त किया। कक्षा नौवीं से बारहवीं के वर्ग में मिथिला साहू 182 अंक के साथ प्रथम, दिव्या पटेल 181 अंक के साथ द्वितीय और महिमा पांडेय 180 अंक के साथ तृतीय स्थान पर रहीं।
चित्रकला प्रतियोगिता में कक्षा पहली से आठवीं के वर्ग में मस्तूरी की प्रिया टंडन प्रथम, बिल्हा की श्रद्धा सेन द्वितीय और कोटा की मानवी मानिकपुरी तृतीय रहीं। कक्षा नौवीं से बारहवीं के वर्ग में बिल्हा की नव्या अग्रवाल प्रथम तथा मस्तूरी की ऊर्जा रात्रे द्वितीय रहीं। कोटा की ललिमा कौशिक एवं तखतपुर की घृतिका साहू ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। चित्रकला प्रतियोगिता के निर्णायक बी.के. चौबे एवं जय कौशिक तथा भाषण प्रतियोगिता के निर्णायक फाल्गुनी मंडल थे।
कार्यक्रम में दीपक सिंह, मोहित जायसवाल, श्रीकांत पहारे, पार्षद बंधु मौर्य एवं आशीष गुप्ता, एल्डरमेन योगेश गोले, देवेंद्र पाठक एवं आनंद तिवारी उपस्थित थे। जिला शिक्षा अधिकारी संदीप पांडे, जिला मिशन समन्वयक ओम पांडे, आनंद पाण्डेय, सहायक संचालक वर्षा शर्मा एवं बसंत प्रताप सिंह,आरती राय, विकासखंड शिक्षा अधिकारी बिल्हा भूपेंद्र कौशिक, कोटा गोपाल दुबे, तखतपुर दीपक कुमार गुप्ता एवं राजेश मिश्रा सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।