सेवा संकल्प अभियान : स्वच्छता, रक्तदान और वृक्षारोपण से बढ़ेगी जनभागीदारी
23-24 सितम्बर को होंगे विविध कार्यक्रम
बिलासपुर/प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा कार्यकाल के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ का आयोजन किया जा रहा है। अभियान के तहत जनसेवा, जनभागीदारी और सेवा भावना को बढ़ावा देने विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
अभियान के तहत 23 सितंबर 2026 को जिले में विभिन्न सेवा कार्यक्रम होंगे। सवेरे 7 बजे से छठ घाट में साफ-सफाई कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके बाद सवेरे 8 बजे से वृक्षारोपण कार्यक्रम होगा। सवेरे 10 बजे से साइंस कॉलेज में रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। अभियान के माध्यम से नागरिकों को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और रक्तदान जैसे सेवा कार्यों से जुड़कर सामाजिक सहभागिता निभाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। 24 सितंबर 2026 को आयुष नर्सिंग कॉलेज लाल खदान में सवेरे 10 बजे रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही मंडी प्रांगण बिल्हा में दोपहर 2 बजे से दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम होगा। अभियान के तहत गनियारी डोम, विकासखण्ड तखतपुर में उत्पाद प्रदर्शनी सह विक्रय कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। इन गतिविधियों का उद्देश्य सेवा, सहयोग और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करना तथा समाज के विभिन्न वर्गों को सेवा कार्यों से जोड़ना है।