Blog

स्काउटिंग को स्कूलों तक पहुंचाने की तैयारी, 3000 नए स्काउट्स जोड़ने का लक्ष्य

बिलासपुर/भारत स्काउट्स एवं गाइड्स की गतिविधियों को जिले में और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाने के लिए संगठनात्मक विस्तार, प्रशिक्षण और विद्यालयों से समन्वय पर जोर दिया गया। बैठक में अधिक से अधिक विद्यालयों में स्काउट-गाइड इकाइयां शुरू करने और करीब 300 नए स्काउट्स को संगठन से जोड़ने का लक्ष्य तय किया गया।

भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, छत्तीसगढ़ के राज्य मुख्य आयुक्त इंदरजीत सिंह खालसा मुख्य अतिथि रहे। अध्यक्षता जिला संघ बिलासपुर के जिला मुख्य आयुक्त राजेंद्र साहू ने की। विशिष्ट अतिथि संयुक्त सचिव बीना यादव रहीं। राज्य मुख्यालय आयुक्त स्काउट रविश गुप्ता, राज्य सहायक आयुक्त स्काउट राकेश सोंथालिया, विजय कुमार यादव एवं भूपेंद्र शर्मा भी मौजूद रहे।

बैठक में स्काउटिंग को विद्यालय एवं समुदाय से जोड़ने, विद्यार्थियों की सहभागिता बढ़ाने और स्काउट मास्टर व गाइड कैप्टन के प्रशिक्षण को प्रभावी बनाने पर चर्चा हुई। प्रत्येक ब्लॉक में बैठकें आयोजित कर गतिविधियों की समीक्षा करने तथा प्राचार्यों, शिक्षा अधिकारियों और विद्यालय संचालकों से समन्वय बढ़ाने के निर्देश दिए गए।

स्काउटिंग के माध्यम से बच्चों में अनुशासन, नेतृत्व, सेवा भावना और चरित्र निर्माण को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया। बच्चों के प्रशिक्षण, ड्रेस एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के साथ नियमित रूप से विद्यार्थियों से संपर्क बनाए रखने की बात कही गई।

जिले में संगठनात्मक गतिविधियों के लिए एमओबी ग्रुप बनाने, जिला एवं ब्लॉक स्तर के पदाधिकारियों को जोड़ने तथा मासिक बैठकों को नियमित करने पर भी सहमति बनी। साथ ही यूआईडी निर्माण एवं अद्यतन, विद्यालयों में संचालित इकाइयों की जानकारी और विकासखंड स्तर की गतिविधियों की समीक्षा करने का निर्णय लिया गया।
कार्यक्रम में डॉ. अजय कौशिक, जिला शिक्षा अधिकारी बिलासपुर, डॉ. नवनीत कौशिक, जिला मुख्यालय आयुक्त स्काउट, आरती राय, एपीसी समग्र शिक्षा एवं सहायक जिला आयुक्त गाइड विकास खण्ड शिक्षा अधिकारी सहित स्काउट एवं गाइड के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में कहा गया कि स्काउटिंग केवल प्रशिक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र सेवा की भावना को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम है। सितंबर माह में प्रस्तावित कार्यक्रमों की तैयारियों पर भी चर्चा करते हुए आगामी गतिविधियों में अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *