Blog

स्काउट-गाइड दीक्षा संस्कार के साथ ‘एक पेड़ मां के नाम 2.0’ अभियान आयोजित

बिलासपुर । कृष्णा पब्लिक स्कूल, कोनी में स्काउट-गाइड विद्यार्थियों के लिए दीक्षा संस्कार कार्यक्रम एवं “एक पेड़ मां के नाम 2.0” अभियान के तहत वृक्षारोपण का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्काउट-गाइड की गतिविधियों का प्रदर्शन किया तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।


कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सहायक राज्य आयुक्त स्काउट विजय कुमार यादव थे। विशिष्ट अतिथियों में सहायक जिला आयुक्त गाइड आरती राय, जिला संगठन आयुक्त स्काउट महेंद्र बाबू टंडन, मुरली मोहन दास एवं विकास लहरे शामिल रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की प्रधानाचार्या रुनकी अम्बष्ट ने की, जबकि उप-प्रधानाचार्य रमन मिश्रा के निर्देशन में कार्यक्रम का संचालन संपन्न हुआ।
मुख्य अतिथि विजय कुमार यादव ने कहा कि स्काउट-गाइड बच्चों में चरित्र निर्माण, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मरक्षा और सेवा भावना का विकास करता है। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण पर बल देते हुए प्रत्येक व्यक्ति से वर्ष में कम से कम एक पौधा लगाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना तथा पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।

कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रणव शर्मा, नितेश लोनीया, एस. हेमलता, पदमा गुप्ता सहित स्काउट-गाइड टीम एवं विद्यालय के शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। अंत में विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे जन-जागरूकता एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प लिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *