Blog

स्कूटी मोड़ते ही तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर,

हिरीं माइंस के पास एनएच पर हुआ हादसा

रहंगी निवासी ग्रामीण की मौत

बिलासपुर। बिलासपुर-रायपुर
राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। हिरीं माइंस के पास स्कूटी मोड़ रहे एक ग्रामीण को तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
दुर्घटना के बाद कार चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर चकरभाठा पुलिस आरोपी चालक की तलाश कर रही है। टीआई भावेश शेंडे ने बताया कि मृतक की पहचान देवेंद्र शर्मा (52 वर्ष) निवासी रहंगी के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक वह स्कूटी से बिलासपुर-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर जा रहे थे। इसी दौरान हिरीं माइंस के पास उन्होंने अचानक स्कूटी मोड़ने का प्रयास किया। उसी समय सामने से तेज रफ्तार में आ रही कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।

बॉक्स
बचाने की कोशिश

घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। फुटेज में दिखाई दे रहा है कि स्कूटी सवार अचानक
सड़क पर मुड़ने लगते हैं। इसी दौरान सामने से आ रहे कार चालक ने वाहन को बचाने की कोशिश की, लेकिन कार की रफ्तार अधिक होने के कारण वह समय पर नियंत्रण नहीं कर सका। कार सीधे स्कूटी से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी सवार सड़क पर दूर जा गिरा। कार ने सड़क किनारे खड़ी एक अन्य स्कूटी को भी अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल देवेंद्र शर्मा को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उपचार के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया।

दुर्घटना के बाद कार चालक मौके पर रुके बिना वाहन लेकर फरार हो गया। सूचना मिलने पर चकरभाठा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में लेकर आरोपी कार चालक और वाहन की पहचान शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर फरार चालक की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *