Blog

हमेशा दूसरों की मदद के लिए आगे रहने वाले धनंजय गिरी गोस्वामी आज स्वयं जीवन की कठिन लड़ाई लड़ रहे

बिलासपुर। धनंजय गिरी गोस्वामी का नाम बिलासपुर के लिए कोई अनजान नाम नहीं है। वर्षों से वे समाज के हर वर्ग की मदद के लिए तत्पर रहने वाले व्यक्ति के रूप में जाने जाते रहे हैं। चाहे किसी जरूरतमंद की चिकित्सा सहायता का मामला हो, गरीबों के अधिकारों की लड़ाई हो, या थाना, कोर्ट और कचहरी में किसी असहाय व्यक्ति की मदद—धनंजय गिरी गोस्वामी हमेशा निस्वार्थ भाव से लोगों के साथ खड़े रहे हैं।

केवल बिलासपुर ही नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ प्रदेश के विभिन्न जिलों में भी वे अपने मिलनसार व्यवहार, सामाजिक सक्रियता और निस्वार्थ सेवा कार्यों के कारण व्यापक रूप से परिचित रहे हैं। राजनीति के क्षेत्र में भी उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के साथ प्रदेश स्तर पर कार्य किया है। हालांकि, अपने सरल और मिलनसार स्वभाव के कारण वे केवल एक राजनीतिक दल तक सीमित नहीं रहे, बल्कि विभिन्न राजनीतिक विचारधाराओं से जुड़े लोगों के बीच भी उनके अच्छे संबंध रहे हैं।

किसी भी व्यक्ति को सहायता की आवश्यकता पड़ने पर तुरंत उसके लिए खड़े हो जाना धनंजय गिरी गोस्वामी की पहचान रही है। दूसरों की परेशानी को अपनी परेशानी समझकर मदद के लिए दौड़ पड़ने वाले धनंजय आज स्वयं अपने जीवन की एक कठिन लड़ाई लड़ रहे हैं।

धनंजय गिरी गोस्वामी पूर्व केंद्रीय मंत्री लोकप्रिय नेता स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव जी के भी काफी करीबी रहे हैं। वर्तमान में उनके पुत्र प्रबल प्रताप सिंह जूदेव के साथ भी वे कई वर्षों तक जुड़े रहे और सामाजिक व राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे।

आज परिस्थितियां ऐसी हैं कि धनंजय गिरी गोस्वामी बेहतर चिकित्सा और इलाज की तलाश में बिलासपुर, रायपुर और अब वेल्लोर तक पहुंच चुके हैं। गंभीर बीमारी से जूझ रहे धनंजय वर्तमान में शारीरिक रूप से अत्यंत कमजोर हैं और स्वयं के पैरों पर खड़े होने में भी असमर्थ हो रहे हैं।
बताया जा रहा है कि बेहतर उपचार और चिकित्सा सहायता के लिए कई लोगों से संपर्क करने तथा सहयोग की अपेक्षा रखने के बावजूद उन्हें अपेक्षित सहायता नहीं मिल सकी। ऐसे कठिन समय में उनका परिवार, मित्र, शुभचिंतक और समाज के लोग उनके साथ खड़े हैं, जिनके सहयोग से वर्तमान में वेल्लोर में उनका इलाज चल रहा है।

जो व्यक्ति जीवनभर दूसरों की मदद के लिए आगे बढ़ता रहा, आज वही व्यक्ति स्वयं सहायता और सहयोग की उम्मीद में है।
उम्मीद है कि यह खबर समाज, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और सक्षम लोगों तक पहुंचेगी तथा धनंजय गिरी गोस्वामी के इलाज और स्वास्थ्य लाभ के लिए कोई न कोई मदद का हाथ अवश्य आगे आएगा।
आज आवश्यकता है कि समाज उस व्यक्ति के साथ खड़ा हो, जिसने वर्षों तक बिना किसी स्वार्थ के दूसरों के लिए खड़े होकर उनकी मदद की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *