होलसेल खत्म, बारी रिटेल की…!
20% तेजी तिरपाल में, किलो पीछे 40 रुपए बढ़ गई प्लास्टिक शीट

बिलासपुर- होलसेल खत्म। बारी रिटेल की जहां चला-चली की बेला में है तिरपाल और प्लास्टिक शीट। नए ऑर्डर पर अनिच्छा इसलिए क्योंकि प्लास्टिक के दाने में आई गर्मी की वजह से यह दोनों भी तेज हो चले हैं।
बारिश से बचाव के प्रमुख साधनों में से एक तिरपाल और प्लास्टिक शीट में इस साल जोरदार प्रतिसाद मिल रहा है। यह होलसेल बाजार के शांत होने से जाहिर है। निजात उन स्टॉकिस्टों को भी मिली जो इन दोनों का भंडारण करते हैं।

भंडार खाली, होलसेल खत्म
बीते पखवाड़े से हो रही बारिश के बाद जोरदार खरीदी निकली तिरपाल और प्लास्टिक शीट में। डिमांड इतनी ज्यादा रही कि बीते साल की शेष रह गई यह दोनों सामग्री भी नई दरों में खरीद ली गई। अब स्टॉकिस्ट और होलसेलर आर्डर इसलिए नहीं दे रहे हैं क्योंकि प्लास्टिक के दाने महंगे हो चुके हैं। फलत: इकाइयों को तैयार तिरपाल और प्लास्टिक शीट की कीमत बढ़ानी पड़ रही है। जिसे स्टॉकिस्ट और होलसेलर स्वीकार नहीं कर रहे हैं।

रिटेल ने भी रोकी खरीदी
प्लास्टिक शीट और तिरपाल का सीजन भले ही एक माह रह गया हो लेकिन रिटेल काउंटरों ने खरीदी की मात्रा कम करनी चालू कर दी है क्योंकि सीजन के शेष दिनों के लायक भरपूर मात्रा में है प्लास्टिक शीट और तिरपाल। ध्यान अब मछली जाल तथा प्लास्टिक की बाड़ की ओर है जिसमें खरीदी अब धीरे-धीरे बढ़त की ओर है।
तेज फिर भी खूब
प्लास्टिक के दाने की कीमत लगातार बढ़ रही है। यह स्थिति अब भी बनी हुई है इसलिए निर्माण इकाइयों को तैयार उत्पादन की कीमत भी बढ़ानी पड़ रही है। इसके बावजूद 150 से 11500 रुपए जैसी कीमत में तिरपाल की खरीदी जारी है। रही बात प्लास्टिक शीट की तो पारदर्शी और ब्लैक शीट में भी 80 से 200 रुपए किलो जैसी कीमत उपभोक्ता स्वीकार कर रहे हैं।