Blog

10 साल पुरानी सड़क अब होगी टू-लेन,40 करोड़ का प्रस्ताव शासन को भेजा

रतनपुर से सीपत चौक होते हुए चांटीडीह पहुंचना होगा आसान

5.50 मीटर से बढ़ाकर 7 मीटर होगी सड़क की चौड़ाई

बिलासपुर। रतनपुर से सीपत चौक होते हुए सीधे चांटीडीह पहुंचने के लिए वैकल्पिक मार्ग को मजबूत करने की तैयारी शुरू हो गई है। चांटीडीह से सिंघरी, लखराम और पौंसरा तक जाने वाली करीब 10 साल पुरानी सड़क को टू-लेन करने के लिए लोक निर्माण विभाग ने 40 करोड़ रुपए का प्रस्ताव शासन को भेजा है। प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद सड़क की चौड़ाई 5.50 मीटर से बढ़ाकर 7 मीटर की जाएगी।

करीब एक दशक पहले बनाई गई इस सड़क की स्थिति अब खराब हो चुकी है। अभी तक मरम्मत के जरिए सड़क को चलाया जा रहा था, लेकिन बढ़ते यातायात और सड़क के आसपास तेजी से हुए शहरी विस्तार के कारण अब स्थायी उन्नयन की जरूरत महसूस की जा रही है। इसी को देखते हुए सड़क के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण का प्रस्ताव तैयार किया गया है।
दरअसल चांटीडीह से सिंघरी, लखराम होते हुए पौंसरा तक जाने वाली सड़क के आसपास पिछले कुछ वर्षों में तेजी से विकास हुआ है। यहां बड़े प्लांट, स्कूल और करीब 40 से 50 नई कॉलोनियां विकसित हो चुकी हैं। इसके चलते सड़क पर वाहनों की आवाजाही भी लगातार बढ़ी है।
यह मार्ग रतनपुर को सीपत चौक और चांटीडीह से जोड़ने वाला वैकल्पिक रास्ता है। रतनपुर फोरलेन की तुलना में इस मार्ग से दूरी अधिक है, लेकिन खमतराई क्षेत्र से जुड़ाव और आसपास बढ़ती आबादी के कारण इसकी उपयोगिता लगातार बढ़ रही है।

मरम्मत के बजाय अब स्थायी की तैयारी

सड़क की खराब होती स्थिति के बावजूद अब तक मरम्मत के जरिए काम चलाया जा रहा था। विभाग का मानना है कि बढ़ते यातायात के दबाव को देखते हुए केवल मरम्मत पर्याप्त नहीं होगी। इसलिए सड़क को टू-लेन करने के साथ उसकी चौड़ाई 7 मीटर करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है।प्रस्ताव स्वीकृत होने के बाद चांटीडीह, सिंघरी, लखराम, पौंसरा सहित आसपास के क्षेत्रों को बेहतर सड़क सुविधा मिलेगी। साथ ही रतनपुर से सीपत चौक होते हुए चांटीडीह पहुंचने के लिए एक मजबूत वैकल्पिक मार्ग भी तैयार हो सकेगा।

वर्जन
सड़क के उन्नयन और चौड़ीकरण के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा जा चुका है। शासन से स्वीकृति मिलने के बाद प्रस्ताव के अनुसार आगे की प्रक्रिया शुरू कर सड़क विकास का काम कराया जाएगा।

आरके राजे,
चीफ इंजीनियर, पीडब्ल्यूडी बिलासपुर

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *