Blog

14 सितंबर से शुरू होगा गणेश उत्सव, 24 सितंबर को एक साथ होगा गणेश विसर्जन…झांकियों से सजेगा पूरा शहर…विसर्जन में होगा भव्य स्वागत

बिलासपुर। शहर में इस वर्ष 14 सितंबर से गणेश चतुर्थी की शुरुआत होगी। दस दिवसीय गणेश उत्सव को लेकर विभिन्न गणेश उत्सव समितियों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी सिलसिले में इमलीपारा स्थित कान्यकुब्ज भवन में शहर की प्रमुख गणेश उत्सव समितियों की बैठक आयोजित की गई, जिसमें 30 से 40 समितियों के पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 24 सितंबर को शहर की सभी प्रमुख गणेश उत्सव समितियां एक साथ भगवान गणेश की प्रतिमाओं का विसर्जन करेंगी। समिति
पदाधिकारी राजा अवस्थी ने बताया कि पिछले दो-तीन वर्षों से सभी समितियां एक ही दिन सामूहिक विसर्जन कराने के पक्ष में हैं, ताकि अलग-अलग दिनों में निकलने वाले विसर्जन जुलूसों से लोगों को होने वाली असुविधा कम हो और श्रद्धालु भी एक भव्य एवं व्यवस्थित आयोजन का हिस्सा बन सकें।
बैठक में सामूहिक विसर्जन यात्रा को भव्य बनाने पर भी चर्चा हुई। इसके तहत बाहर से आकर्षक बैंड बुलाने, विशेष लाइटिंग की व्यवस्था करने, भजन संध्या आयोजित करने, शहरभर में स्वागत द्वार बनाने तथा विभिन्न समितियों द्वारा आकर्षक झांकियां सजाने की रूपरेखा पर विचार किया गया।
समिति पदाधिकारियों ने बताया कि इस बार गणेश उत्सव को धार्मिक आस्था के साथ-
साथ सांस्कृतिक भव्यता का भी स्वरूप दिया जाएगा, ताकि शहरवासी एक यादगार और सुव्यवस्थित गणेश महोत्सव का आनंद ले सकें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *