Blog

15वें वित्त की राशि में गड़बड़ी का आरोप

बिलासपुर । तखतपुर जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत लोखण्डी में 15वें वित्त आयोग की राशि में गड़बड़ी और भ्रष्टाचार के आरोप लगे हैं। गांव के लोगों ने कलेक्टर जनदर्शन में शिकायत देकर पूर्व सरपंच और सचिव पर लाखों रुपये के गबन का आरोप लगाया है।ग्राम लोखण्डी निवासी सतीश पटेल ने कलेक्टर को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि वर्ष 2020 से 2025 के दौरान तत्कालीन सरपंच सावित्री ध्रुव और सचिव बृजेश साहू ने 15वें वित्त आयोग की राशि का गलत तरीके से आहरण किया। शिकायत के मुताबिक पंचायत भवन निर्माण के नाम पर करीब 4 लाख 99 हजार रुपये निकाले गए, जबकि गांव में पहले से पंचायत भवन मौजूद है। वहीं बोर खनन के नाम पर भी राशि आहरित की गई, लेकिन मौके पर कोई कार्य नहीं कराया गया।
आवेदक का आरोप है कि पंचायत भवन निर्माण और बोर खनन के नाम पर राशि संबंधित फर्मों और चहेते लोगों के खातों में ट्रांसफर कर दी गई। शिकायत में कुल 8 लाख 94 हजार 472 रुपये के गबन का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता ने आवेदन के साथ राशि आहरण की प्रतियां, भुगतान संबंधी दस्तावेज और कार्यस्थल के फोटो भी संलग्न किए हैं। ग्राम पंचायत के सरपंच और उपसरपंच ने भी मामले की जांच कराने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि निष्पक्ष जांच हो तो पूरे मामले का खुलासा हो सकता है। आवेदक और ग्रामीणों ने कलेक्टर से पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *