Blog

15 अगस्त-26 जनवरी जैसे आयोजनों के लिए स्थायी मंच,पुलिस मैदान में 2.96 करोड़ से बनेगी 280 मीटर लंबी 5 सिटिंग गैलरी

वॉलीबॉल कोर्ट और स्टेज

बारिश के पानी की निकासी के लिए 532 मीटर ड्रेन भी बनेगी

बिलासपुर। सिविल लाइन थाने के सामने स्थित पुलिस मैदान को बड़े आयोजनों के साथ खेल गतिविधियों के लिए भी सुविधायुक्त बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। नगर निगम ने कलेक्टर और एसएसपी के निर्देश पर मैदान के विकास के लिए करीब 2.96 करोड़ रुपए का प्रस्ताव तैयार किया है। इसमें दर्शकों के बैठने के लिए पांच सिटिंग गैलरी, वॉलीबॉल कोर्ट, टेंसाइल स्टेज, शेड, ड्रेन, भवन रिनोवेशन और पेंटिंग समेत कई काम शामिल हैं।
प्रस्ताव के मुताबिक मैदान में कुल 280 मीटर लंबी पांच सिटिंग गैलरी बनाई जाएंगी। इनमें 40 मीटर लंबी दो, 60 मीटर लंबी दो और 80 मीटर लंबी एक गैलरी होगी। दर्शकों की स्थायी बैठने की व्यवस्था विकसित होने से 15 अगस्त, 26 जनवरी समेत अन्य बड़े सरकारी और सांस्कृतिक आयोजनों के दौरान अस्थायी व्यवस्था पर निर्भरता कम होगी।

सिटिंग गैलरी पर खर्च होंगे 1.80 करोड़

दर्शकों के बैठने की व्यवस्था इस प्रोजेक्ट का सबसे बड़ा हिस्सा है। 40 मीटर लंबी एक गैलरी पर 25.12 लाख रुपए खर्च होंगे। ऐसी दो गैलरियों की लागत 50.24 लाख रुपए होगी। 60 मीटर लंबी दो गैलरियों के लिए क्रमश: 38.60 लाख और 77.20 लाख रुपए का प्रावधान किया गया है। वहीं 80 मीटर लंबी गैलरी पर 52.98 लाख रुपए खर्च होंगे। पांचों गैलरियों की कुल लागत करीब 1.80 करोड़ रुपए होगी।

स्टेडियम मास्ट पर 48.94 लाख

मैदान में स्टेडियम मास्ट के निर्माण के लिए 48.94 लाख रुपए का प्रावधान है। इसमें 37.54 लाख रुपए की नॉन-एसओआर राशि भी शामिल है। खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए 6.81 लाख रुपए की लागत से वॉलीबॉल कोर्ट बनाया जाएगा।
बड़े आयोजनों के लिए स्टेज पर टेंसाइल स्ट्रक्चर तैयार किया जाएगा, जिस पर 7.29 लाख रुपए खर्च होंगे। इसके फाउंडेशन के लिए अलग से 98,876 रुपए का प्रावधान है। इसके अलावा 6 मीटर × 6 मीटर आकार के दो शेड भी बनाए जाएंगे, जिनकी लागत 7.18 लाख रुपए होगी।

532 मीटर लंबी ड्रेन से दूर होगी जलभराव की समस्या

बारिश के दौरान मैदान में पानी जमा होने की समस्या से निपटने के लिए 532 रनिंग मीटर लंबी और 0.60 मीटर × 0.60 मीटर आकार की ड्रेन बनाई जाएगी। इसके निर्माण पर करीब 16.19 लाख रुपए खर्च होंगे। इससे मैदान में बारिश के पानी की निकासी बेहतर होने की उम्मीद है।इसके साथ ही मौजूदा भवन के रिनोवेशन के लिए 7.16 लाख रुपए और म्यूरल व बाउंड्रीवॉल की पेंटिंग के लिए 19.26 लाख रुपए का प्रावधान किया गया है।

सालभर हो सकेगा मैदान का बेहतर उपयोग

पुलिस मैदान में अभी बड़े आयोजनों के दौरान मंच, दर्शकों के बैठने और शेड की अस्थायी व्यवस्था करनी पड़ती है। प्रस्तावित विकास कार्य पूरे होने के बाद यहां स्थायी टेंसाइल स्टेज और सिटिंग गैलरी उपलब्ध होगी। इससे स्वतंत्रता दिवस, गणतंत्र दिवस सहित सरकारी, सांस्कृतिक और अन्य सार्वजनिक कार्यक्रमों में लोगों को बेहतर सुविधा मिलेगी।
वॉलीबॉल कोर्ट, शेड और बेहतर जल निकासी की व्यवस्था होने से मैदान का उपयोग केवल सरकारी आयोजनों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि खेल गतिविधियों और विभिन्न सार्वजनिक आयोजनों के लिए सालभर किया जा सकेगा।

वर्जन
कलेक्टर और एसएसपी के निर्देश पर पुलिस मैदान के विकास का प्रस्ताव तैयार किया गया है। करीब 2.96 करोड़ रुपए की लागत से विभिन्न विकास कार्य प्रस्तावित हैं।

प्रकाश कुमार सर्वे
आयुक्त नगर निगम बिलासपुर

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *