15 लाख लेकर फरार हुआ डायरेक्टर गिरफ्तार,गांव वालों से 15 लाख ठगकर रीवा में छिपा था डायरेक्टर

लालच की कंपनी, ठगी का कारोबार
बिलासपुर।पैसा दोगुना करने के लालच में फंसाकर लाखों की ठगी करने वाले कंपनी डायरेक्टर को पुलिस ने आखिरकार पकड़ लिया। सिटी कोतवाली पुलिस ने मध्यप्रदेश के रीवा से आरोपी को गिरफ्तार किया, जिसने बिलासपुर के ग्रामीण इलाकों में निवेश के नाम पर बड़ा जाल बिछाया था।
करवा चौकी बेलगहना निवासी फेकुराम चतुर्वेदी की शिकायत पर सामने आया कि 2013 से 2016 के बीच रीगल भवन एंड इंफ्रास्ट्रक्चर इंडिया लिमिटेड कंपनी के डायरेक्टर पंकज कुमार वर्मा ने गांव के लोगों को एजेंट बनाकर निवेश कराया। लोगों को भरोसा दिलाया गया कि पैसा कम समय में दोगुना होगा।
आरोपी ने करबला रोड स्थित अपने कार्यालय के जरिए ग्रामीणों से करीब 15 लाख रुपये जमा कराए। रकम जुटाने के बाद ऑफिस बंद कर फरार हो गया, जिससे निवेशकों के पैसे फंस गए।
सिटी कोतवाली में धोखाधड़ी का केस दर्ज हुआ। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर रीवा के चोरहटा क्षेत्र में दबिश दी और आरोपी को पकड़ लिया।
हिरासत में पूछताछ के दौरान आरोपी ने ठगी की बात स्वीकार की। पुलिस ने विधिवत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।