
छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस पर यूथ फॉर नेशन द्वारा छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा की सफाई एवं भव्य महाआरती का आयोजन

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के पावन अवसर पर यूथ फॉर नेशन द्वारा छत्तीसगढ़ महतारी के प्रति सम्मान, गौरव एवं अपनी माटी के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।कार्यक्रम के अंतर्गत प्रातःकाल 7 बजे से कलेक्ट्रेट परिसर के समीप स्थापित छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा एवं आसपास के परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। संस्था के सदस्यों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने श्रमदान कर प्रतिमा एवं परिसर की साफ-सफाई की। इस पहल के माध्यम से स्वच्छता, सामाजिक जिम्मेदारी एवं अपनी सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण का संदेश दिया गया।इसी क्रम में संध्या 6 बजे छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा के समक्ष भव्य महाआरती का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बिलासपुर के कलेक्टर संजय अग्रवाल एवं नगर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे विशेष रूप से उपस्थित हुए तथा महाआरती में सम्मिलित होकर छत्तीसगढ़ महतारी के प्रति अपनी श्रद्धा एवं सम्मान व्यक्त किया।कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। शांता फाउंडेशन से नीरज गेमनानी , मानवता संस्था से अभिषेक ठाकुर , आश्रय निष्ठा वेलफेयर से अरुणिमा मिश्रा, गोविंद एवं चंचल सलूजा, किरण सिंह , गोदावरी से लता राठौड़, जय श्री राम सिंह, कान्हा परिहार, गुलाब सिंह ठाकुर, इंद्राज सिंह, आयुवर्धन सिंह, प्रतीक तिवारी, अरविंद वर्मा, रोशनी दीक्षित, नीरू बिष्ट, आर्यन तिवारी सहित विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के सदस्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।इस अवसर पर यूथ फॉर नेशन की ओर से कहा गया कि छत्तीसगढ़ महतारी केवल एक प्रतिमा नहीं, बल्कि हमारी अस्मिता, संस्कृति, परंपरा और गौरव का प्रतीक हैं। राज्य स्थापना दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि अपनी माटी, अपनी भाषा, अपनी संस्कृति और अपने प्रदेश के प्रति दायित्वों को निभाने का संकल्प लेने का दिन भी है।
संस्था का उद्देश्य है कि युवा पीढ़ी अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़े, सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाए तथा स्वच्छ, सुंदर एवं संस्कारित छत्तीसगढ़ के निर्माण में अपना योगदान दे।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्रशासनिक अधिकारियों, सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों, सदस्यों एवं नागरिकों के प्रति यूथ फॉर नेशन ने हृदय से आभार व्यक्त किया।





