
शराब के लिए पैसे नहीं दिए तो ईंट के टुकड़े से सिर और नाक पर किया हमला,करोना चौक के पास रात 10 बजे की घटना
मारपीट करने वाला सदर बाजार का बदमाश गिरफ्तार

बिलासपुर। शराब पीने के लिए पैसे देने से मना करना एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। नशे के लिए रकम मांग रहे युवक ने पहले गाली-गलौज की और फिर हाथ-मुक्कों के साथ ईंट के टुकड़े से हमला कर दिया। मारपीट में पीड़ित के सिर और नाक पर चोट आई है। सिटी कोतवाली पुलिस ने मामले में आरोपी सैफुल हक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, गोंडपारा निवासी सुभाष सराफ ने शिकायत दर्ज कराई कि 17 नवंबर की रात करीब 10 बजे वह करोना चौक के पास था। इसी दौरान सदर बाजार निवासी सैफुल हक ने उससे शराब पीने के लिए पैसे मांगे। सुभाष ने पैसे देने से मना किया तो आरोपी गाली-गलौज करने लगा। इसके बाद उसने हाथ-मुक्कों से मारपीट की और पास में पड़े ईंट के टुकड़े से सिर और नाक पर वार कर दिया।घटना की शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने घेराबंदी कर सदर बाजार से सैफुल हक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने मारपीट करना स्वीकार किया। इसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।






