
सीने,पेट और पीठ पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर किशोर की हत्या,दो गिरफ्तार

आग जलाने के लिए लकड़ी तोड़ने को लेकर शुरू हुआ था विवाद, दोनों पक्षों ने दर्ज कराई एफआईआर
हत्या के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, दो घायल आरोपी सिम्स में भर्ती
बिलासपुर। सरकंडा के अशोकनगर स्थित अटल आवास में छत पर आग जलाने के लिए लकड़ी तोड़ने को लेकर हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई और धारदार हथियार से हमला किया गया। इस दौरान 17 वर्षीय मयंक ध्रुव के सीने, पेट और पीठ पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए गए। गंभीर हालत में उसे सिम्स ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना में दूसरे पक्ष के तीन लोग भी घायल हुए हैं। सरकंडा पुलिस ने दोनों पक्षों की रिपोर्ट पर अलग-अलग अपराध दर्ज किया है। हत्या के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो अन्य घायल आरोपी सिम्स में भर्ती हैं।
घटना 17 नवंबर की रात करीब 10 से 10.30 बजे के बीच की है। अशोकनगर के बगदाई मंदिर के पास स्थित अटल आवास के डी-ब्लॉक की छत पर कुछ युवक ठंड से बचने के लिए आग जलाने लकड़ियां तोड़ रहे थे। इसके लिए लकड़ियों को छत पर पटक-पटककर तोड़ा जा रहा था। इसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। कहासुनी बढ़ने पर दोनों पक्ष छत से नीचे डी-ब्लॉक के पास आ गए। यहां गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी के बाद दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई।
मयंक के सीने, पेट और पीठ पर किए चाकू से वार
पुलिस के अनुसार, पहले पक्ष से श्रवण ध्रुव ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि आर्यन उर्फ बिट्टू मानिकपुरी, गोपाल सोनी, भोलू उर्फ विकास मानिकपुरी और सुदामा साहू ने एकराय होकर मारपीट की। इसी दौरान आर्यन उर्फ बिट्टू मानिकपुरी ने मयंक ध्रुव पर जान से मारने की नीयत से धारदार हथियार से हमला कर दिया। उसके सीने, पेट और पीठ पर लगातार वार किए गए। गंभीर रूप से घायल मयंक को तत्काल सिम्स अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
दूसरे पक्ष ने भी दर्ज कराई जानलेवा हमले की शिकायत
घटना को लेकर दूसरे पक्ष के विकास मानिकपुरी ने भी सरकंडा थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उसका आरोप है कि श्रवण ध्रुव और मयंक ध्रुव ने गाली-गलौज करते हुए लोहे की रॉड और धारदार हथियार से हमला किया। इस दौरान उसके सिर में चोट आई, जबकि बीच-बचाव करने पहुंचे आर्यन दास मानिकपुरी और सुदामा साहू भी धारदार हथियार के हमले में गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों का सिम्स अस्पताल में उपचार जारी है।
हत्या के मामले में दो गिरफ्तार, दो का अस्पताल में इलाज
दोनों पक्षों की शिकायत पर पुलिस ने अलग-अलग अपराध दर्ज कर जांच शुरू की है। हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विकास उर्फ भोलू उर्फ तलवार (23) और गोपाल सोनी (19) को गिरफ्तार किया है। दोनों अटल आवास के निवासी हैं। वहीं, मामले में नामजद दो अन्य आरोपी चोटिल होने के कारण सिम्स अस्पताल में भर्ती हैं। पुलिस के अनुसार, उनके स्वस्थ होने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
घटना में पुलिस की बारीकी से जांच जारी
घटना के बाद अशोकनगर क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर हालात नियंत्रित किए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक सरकंडा तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी नरेश कुमार चौहान की टीम मामले की विवेचना कर रही है






