
हेमू नगर उपचुनाव का बिगुल, भाजपा में टिकट के लिए जोरआजमाइश शुरू,वार्ड 45 में रिटर्निंग और सहायक रिटर्निंग ऑफिसर नियुक्त

बी. वल्लभ राव के निधन से खाली हुई सीट पर भाजपा के सामने मजबूत दावेदार चुनने की चुनौती
कांग्रेस भी तलाशेगी चेहरा
बिलासपुर। नगर निगम के वार्ड क्रमांक 45 शहीद हेमू कलानी नगर में उपचुनाव की प्रशासनिक तैयारियां शुरू होते ही सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने उपचुनाव संपन्न कराने के लिए रिटर्निंग और सहायक रिटर्निंग ऑफिसर नियुक्त कर दिए हैं। अपर कलेक्टर डॉ. ज्योति पटेल को रिटर्निंग ऑफिसर और तहसीलदार आकाश गुप्ता को सहायक रिटर्निंग ऑफिसर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। निर्वाचन की औपचारिक प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही अब सबसे ज्यादा नजर भाजपा के टिकट चयन पर टिक गई है। भाजपा के परंपरागत प्रभाव वाले इस वार्ड में दावेदारों की लंबी फेहरिस्त सामने आ रही है।
दरअसल हेमू नगर वार्ड का राजनीतिक इतिहास भाजपा के दबदबे वाला रहा है। शुरुआती दौर में स्थानीय निकाय चुनाव पार्टी के चुनाव चिह्न पर नहीं होते थे, लेकिन बाद के चुनावों में यहां भाजपा का प्रदर्शन लगातार मजबूत रहा है। पूर्व सभापति अशोक विधानी और उनकी पत्नी तथा वर्तमान महापौर पूजा विधानी भी इस वार्ड से कई बार पार्षद चुनी जा चुकी हैं। वर्तमान पार्षद बी. वल्लभ राव के निधन के बाद सीट खाली हुई है। अब उपचुनाव में भाजपा के सामने अपनी राजनीतिक पकड़ बरकरार रखने की चुनौती होगी।
टिकट के दावेदारों में दिवंगत पार्षद बी. वल्लभ राव के भतीजे ए. वेंकट राव का नाम प्रमुखता से लिया जा रहा है। वेंकट अपने चाचा के साथ लंबे समय तक क्षेत्र की गतिविधियों में सक्रिय रहे हैं। स्थानीय लोगों के बीच उनकी मिलनसार छवि और सामाजिक संपर्क को उनकी दावेदारी का आधार माना जा रहा है। ऐसे में पार्टी उनके नाम पर विचार कर सकती है।
दूसरी ओर, लंबे समय से पार्षद टिकट की प्रतीक्षा कर रहे राजा गोस्वामी भी मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं। वे कॉलोनी की दुर्गा पूजा सहित विभिन्न सामाजिक और धार्मिक आयोजनों में सक्रिय रहते हैं। क्षेत्र की छोटी-बड़ी समस्याओं में उनकी भागीदारी भी उनकी दावेदारी को मजबूती देती है।
अशोक विधानी की पसंद चंदन यादव
भाजपा के संभावित प्रत्याशियों की चर्चा में छत्तीसगढ़ी लोक गायक चंदन यादव का नाम भी जुड़ गया है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि पूर्व पार्षद अशोक विधानी उन्हें चुनाव मैदान में उतारने के पक्षधर हैं। हालांकि, पार्टी की ओर से अभी किसी नाम पर मुहर नहीं लगी है। वार्ड पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित है, इसलिए सामाजिक समीकरण और स्थानीय स्वीकार्यता भी टिकट चयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
कांग्रेस के सामने भी प्रत्याशी चयन की चुनौती
दूसरी तरफ कांग्रेस के लिए इस वार्ड में भाजपा को चुनौती देना आसान नहीं होगा। पिछले चुनावों में पार्टी को यहां मजबूत प्रत्याशी तलाशने में मुश्किलों का सामना करना पड़ा है। इस बार भी कांग्रेस किस चेहरे पर भरोसा जताती है, यह देखना दिलचस्प होगा। भाजपा के मुकाबले कांग्रेस के पास स्थानीय स्तर पर कितने प्रभावी विकल्प सामने आते हैं, इसका पता आने वाले दिनों में चलेगा।
राजनीतिक दलों में उम्मीदवारों को लेकर मंथन तेज
फिलहाल निर्वाचन अधिकारियों की नियुक्ति के साथ चुनावी प्रक्रिया की प्रशासनिक शुरुआत हो चुकी है। अब राजनीतिक दलों में उम्मीदवारों को लेकर मंथन तेज होगा। भाजपा के सामने जहां अपने पुराने गढ़ में जीत का सिलसिला कायम रखने की चुनौती है, वहीं कांग्रेस के लिए इस बार मुकाबले को दिलचस्प बनाने वाला प्रत्याशी चुनना अहम होगा। हेमू नगर में इस उपचुनाव का सबसे दिलचस्प पहलू यही है कि भाजपा अपने कई संभावित दावेदारों में से किसे मौका देती है।






