
विभिन्न मांगों को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं का तीन दिवसीय धरना,मांगे पूरी नहीं होने पर सरकार को दी अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी

काली साड़ी पहनकर कलेक्ट्रेट कार्यालय का किया घेराव

बिलासपुर। अपनी लंबित मांगों और समस्याओं के निराकरण को लेकर छत्तीसगढ़ जुझारू आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका कल्याण संघ ने धरना-प्रदर्शन किया।इसके बाद काली साड़ी में कलेक्टर कार्यालय जाकर जमकर नारेबाजी करते हुए लंबित मांगो को पूरा करने की मांग की। इस दौरान जिलेभर की सैकड़ों आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं ने एकजुट होकर शासन-प्रशासन के प्रति अपनी नाराजगी जाहिर की और लंबे समय से लंबित मांगों को जल्द पूरा करने की मांग उठाई।
संघ का कहना है कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न महत्वपूर्ण योजनाओं को जमीनी स्तर पर संचालित करने में अहम भूमिका निभाती हैं। बच्चों के पोषण,गर्भवती एवं शिशुवती माताओं की देखभाल,टीकाकरण में सहयोग तथा शासन की अन्य योजनाओं के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी निभाने के बावजूद उन्हें आज भी कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। लगातार मांग उठाने के बाद भी समस्याओं का समाधान नहीं होने से कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं में आक्रोश व्याप्त है।
ये हैं संघ की प्रमुख मांगें
संघ ने अपनी मांगों में सबसे पहले आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं का नियमितीकरण किए जाने की मांग रखी है। नियमितीकरण होने तक कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को 30 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय दिए जाने की मांग की गई है।

इसके अलावा आयु सीमा में छूट प्रदान करते हुए 200 से अधिक रिक्त पर्यवेक्षक पदों पर बिना परीक्षा के भर्ती करने तथा तत्काल 50 प्रतिशत पदों पर कार्यकर्ताओं को पदोन्नति देने की मांग की गई है। वहीं सहायिकाओं को कार्यकर्ता पद पर शत-प्रतिशत पदोन्नति देने की मांग भी शामिल है।
संघ ने सेवा समाप्ति के बाद कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को 10 लाख रुपये की एकमुश्त राशि प्रदान करने की मांग उठाई है। साथ ही पोषण ट्रैकर एवं अन्य मोबाइल एप्लीकेशन पर कार्य करने के लिए उच्च गुणवत्ता वाले 5जी मोबाइल उपलब्ध कराने तथा वर्तमान में दिए जा रहे नेट खर्च में 500 रुपये प्रतिमाह की वृद्धि करने की मांग की गई है।
मांगें पूरी नहीं हुईं तो अनिश्चितकालीन हड़ताल
तीन दिवसीय धरना-प्रदर्शन के माध्यम से संघ ने शासन-प्रशासन का ध्यान अपनी समस्याओं की ओर आकर्षित कराया है। संघ की जिला अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं लंबे समय से अपनी जायज मांगों को लेकर संघर्ष कर रही हैं,लेकिन अब तक समस्याओं का संतोषजनक निराकरण नहीं हो पाया है। यदि शासन द्वारा शीघ्र ही मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेकर उनका निराकरण नहीं किया जाता है तो संघ आगे अनिश्चितकालीन हड़ताल करने के लिए बाध्य होगा।संघ ने जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों से मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार कर जल्द निराकरण करने की अपील की है।






