
जन्मदिन पर महामाया मंदिर पहुंचे डिप्टी सीएम अरुण साव, मां महामाया का लिया आशीर्वाद; महामाया चौक पर भव्य स्वागत कर फलों से तौला गया


रतनपुर से वासित अली की रिपोर्ट
रतनपुर। छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव अपने जन्मदिन के अवसर पर बुधवार सुबह करीब 9 बजे धर्मनगरी रतनपुर स्थित प्रसिद्ध मां महामाया मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने मंदिर के गर्भगृह में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर मां महामाया का आशीर्वाद लिया तथा छत्तीसगढ़ प्रदेश की सुख-समृद्धि, खुशहाली और उन्नति की कामना की।
मंदिर पहुंचने पर भारतीय जनता पार्टी रतनपुर मंडल के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उपमुख्यमंत्री का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। पूजा-अर्चना के पश्चात उनका काफिला महामाया मंदिर से निकलकर महामाया चौक पहुंचा, जहां नगर पालिका अध्यक्ष लव कुश कश्यप के नेतृत्व में भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया गया।
इस दौरान महामाया चौक पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव के आगमन पर कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने पुष्पवर्षा कर उनका आत्मीय अभिनंदन किया। वहीं उन्हें फलों से तौलकर जन्मदिन की बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं। भाजपा के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं एवं गुलदस्तों से अपने जनप्रिय नेता का स्वागत करते हुए उनके स्वस्थ, दीर्घायु एवं सफल जीवन की कामना की।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष लव कुश कश्यप ने उपमुख्यमंत्री अरुण साव को साल एवं श्रीफल भेंट कर जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। नगर पालिका के पार्षदों, एल्डरमैन तथा भाजपा मंडल के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भी बारी-बारी से पुष्पगुच्छ भेंट कर उन्हें बधाई दी।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कार्यकर्ताओं से मिले अपार स्नेह, सम्मान और आत्मीय स्वागत के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे अपना सौभाग्य और आशीर्वाद बताया। उन्होंने सभी के प्रेम के लिए धन्यवाद देते हुए छत्तीसगढ़ की निरंतर प्रगति, सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
जन्मदिन के अवसर पर धर्मनगरी रतनपुर में उपमुख्यमंत्री का यह आत्मीय स्वागत राजनीतिक एवं सामाजिक गलियारों में चर्चा का विषय रहा।
वही रतनपुर मुस्लिम समाज के लोगों ने अपनी बहु प्रतीक्षित सामुदायिक भवन की मांग उपमुख्यमंत्री अरुण साव जी को ज्ञापन सौप कर की है जिस पर उन्होंने मुस्लिम समाज को आश्वासन दिया है






