
घर में घुसकर मोबाइल झपटा, फर्जी यूपीआई बनाकर खाते से निकाले लाखों

48 घंटे के भीतर सकरी पुलिस ने तीन आरोपियों को पकड़ा, मोबाइल और ट्रांजेक्शन की पूरी रकम बरामद
बिलासपुर। घर में घुसकर मोबाइल झपटने के बाद उसमें लगी सिम का इस्तेमाल कर फर्जी यूपीआई कोड तैयार किया और बैंक खाते से रकम ट्रांसफर कर ली। इस वारदात में शामिल तीन आरोपियों को सकरी पुलिस ने 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से झपटा गया मोबाइल, टूटी हुई सिम और ट्रांजेक्शन की पूरी रकम बरामद की गई है।
दरअसल पूरा मामला 25 नवंबर की रात का है। प्रार्थिया ने सकरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि रात करीब 12 बजे उसका देवर रितिक यादव अपने कमरे में लेटकर मोबाइल देख रहा था। इसी दौरान एक व्यक्ति घर में घुसा और उसका मोबाइल झपटकर ले गया। बाद में मोबाइल में लगी सिम को दूसरे फोन में डालकर फर्जी तरीके से यूपीआई कोड तैयार किया गया और मोबाइल में संचालित बैंक खाते से रकम निकाल ली गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान गनियारी निवासी विक्की वर्मा पर संदेह हुआ। बताया गया कि उसका प्रार्थिया के घर आना-जाना था और उसे बैंक खाते में 4 से 5 लाख रुपये होने की जानकारी भी थी। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की तो पहले वह गुमराह करता रहा, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपने दो साथियों बलराम वर्मा और संदीप वर्मा के साथ मिलकर वारदात करना स्वीकार कर लिया।आरोपियों ने योजना बनाकर रात में घर में घुसकर मोबाइल झपटा था। इसके बाद सिम दूसरे मोबाइल में डालकर फर्जी यूपीआई तैयार किया और खाते से रकम ट्रांसफर कर ली। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर मोबाइल, टूटी हुई सिम और ट्रांजेक्शन की पूरी रकम जब्त कर ली।गिरफ्तार आरोपियों में बलराम वर्मा , विक्की वर्मा और संदीप वर्मा , तीनों निवासी गनियारी थाना कोटा शामिल हैं। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।




