
ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा गिरोह का फरार आरोपी 10 महीने बाद गिरफ्तार,व्यापार विहार में पकड़े गए सट्टा नेटवर्क से जुड़ा था नीरज पाहुजा

पहले गिरफ्तार हो चुके हैं तीन साथी
बिलासपुर। ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा खिलाने वाले गिरोह के फरार आरोपी नीरज पाहुजा (30) को सिविल लाइन पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी पिछले 10 महीने से फरार था। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपने साथियों के साथ मिलकर ऑनलाइन सट्टा पट्टी खिलाने में शामिल होना स्वीकार किया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, 6 जनवरी 2026 को मुखबिर की सूचना पर व्यापार विहार की छोटी पार्किंग के पास कार्रवाई की गई थी। इस दौरान विनोबा नगर निवासी आयुष अग्रवाल उर्फ आकाश को ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा खिलाते पकड़ा गया था। पूछताछ में उसने प्रकाश पंजवानी, रोहित पंजवानी और अन्य साथियों के साथ मिलकर ऑनलाइन सट्टा संचालित करने की जानकारी दी थी। गिरोह के सदस्य व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए ग्राहकों को जोड़कर उनसे सट्टे में रकम लगवाते थे।
इस मामले में पुलिस पहले ही आयुष अग्रवाल, प्रकाश पंजवानी और रोहित पंजवानी को गिरफ्तार कर चुकी थी। जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर नीरज पाहुजा की तलाश की जा रही थी, लेकिन वह घटना के बाद से फरार था। 26 नवंबर को उसके संबंध में जानकारी मिलने पर पुलिस ने दबिश देकर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में गिरोह के साथ ऑनलाइन सट्टा खिलाने की बात सामने आने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।




