
हार्वेस्टर और ट्रैक्टर से बैटरी व अन्य सामान चोरी करने वाले 5 आरोपी गिरफ्तार,पंजाब से आए युवकों ने स्थानीय साथियों के साथ मिलकर की थी चोरी

रिपोर्ट दर्ज होने के चंद घंटों में कोटा पुलिस ने पकड़ा; 8 हजार का सामान बरामद
बिलासपुर। धान कटाई के लिए खेत में खड़े हार्वेस्टर और ट्रैक्टर से बैटरी समेत अन्य सामान चोरी करने के मामले में कोटा पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें तीन आरोपी पंजाब के पटियाला जिले के रहने वाले हैं, जबकि दो बिलासपुर जिले के निवासी हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ट्रैक्टर की एक बैटरी, हार्वेस्टर का एक एम्प्ली और 7 नग पाना सहित करीब 8 हजार रुपये का सामान बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम दर्रिकापा में एक किसान पिछले पांच वर्षों से धान कटाई के लिए हार्वेस्टर और ट्रैक्टर रखता है। इन मशीनों को चलाने के लिए पंजाब से लक्खा सिंह आता था। इस वर्ष उसका बेटा आशु मेहरा भी खेती के काम से गांव आया हुआ था।
रात करीब 11:50 बजे किसान को सूचना मिली कि धान कटाई के लिए रखे हार्वेस्टर, ट्रैक्टर और अन्य सामान से चोरी हुई है। इसके बाद 22 नवंबर को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह और एसडीओपी कोटा नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में पुलिस ने तत्काल पतासाजी शुरू की। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने पांच संदिग्धों को पकड़कर पूछताछ की। इसमें लवली , गुरविंदर राम और आशु मेहरा तीनों निवासी जिला पटियाला पंजाब के अलावा गोलू उर्फ रवि साहू और चंद्रदेव पटेल , दोनों निवासी ग्राम खैरा, थाना सीपत, बिलासपुर शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से चोरी की ट्रैक्टर बैटरी, हार्वेस्टर का एम्प्ली और 7 नग पाना बरामद किए गए। सभी पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
कार्रवाई में निरीक्षक शशिकांत भारद्वाज, प्रभारी उप निरीक्षक नागेश्वरी साहू, प्रधान आरक्षक गजेंद्र सिंह सहित पुलिसकर्मियों की विशेष भूमिका रही।




