
शराब के लिए पैसे नहीं मिले तो पड़ोसी के घर में घुसकर की मारपीट,समझाने पहुंची डायल 112 पर कुल्हाड़ी से हमला,नशे में धुत आरोपी ने घर में की तोड़फोड़, पुलिसकर्मियों को भी दौड़ाया

सरकारी वाहन के शीशे तोड़े, फावड़ा और कुल्हाड़ी के साथ गिरफ्तार
बिलासपुर। शराब पीने के लिए पैसे नहीं मिलने पर एक युवक ने पड़ोसी के घर में घुसकर जमकर उत्पात मचाया। महिला के साथ मारपीट और घर में तोड़फोड़ करने के बाद जब डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची तो आरोपी कुल्हाड़ी लेकर पुलिस वाहन की ओर दौड़ पड़ा। उसने पुलिसकर्मियों को धमकाने के साथ डायल 112 वाहन के सामने और बाईं ओर के शीशे भी तोड़ दिए। सरकंडा पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
घटना 24 नवंबर की दोपहर करीब 12 बजे ग्राम नगोई मेन रोड स्कूल चौक की है। पुलिस के अनुसार, नेहा महेश्वरी अपने घर पर थीं। इसी दौरान उनका पड़ोसी निखिल महेश्वरी उर्फ समीर महेश्वरी शराब पीने के लिए पैसे मांगते हुए जबरन घर में घुस गया। महिला ने पैसे देने से इनकार किया तो आरोपी गाली-गलौज करने लगा। उसने महिला के साथ हाथ-मुक्के और थप्पड़ से मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद घर में रखे फावड़े से दरवाजे में तोड़फोड़ की और महिला को मारने के लिए दौड़ाया।
घटना की सूचना पर डायल 112 की टीम आरक्षक मनीराम साहू और चालक पालेश्वर नायक के साथ मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मी विवाद शांत कराने और आरोपी को समझाने का प्रयास कर रहे थे, तभी वह दौड़कर घर के अंदर गया और कुल्हाड़ी लेकर बाहर आ गया। उसने पुलिसकर्मियों को गाली देते हुए जान से मारने की धमकी दी और उन पर हमला करने के लिए दौड़ाया। इसके बाद कुल्हाड़ी से डायल 112 वाहन के सामने और बाईं ओर के कांच तोड़कर शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचाया।
मामले में महिला की शिकायत पर मारपीट, घर में घुसकर हमला और तोड़फोड़ सहित विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज किया गया। वहीं डायल 112 के आरक्षक की रिपोर्ट पर शासकीय कार्य में बाधा डालने और लोक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का अलग मामला दर्ज किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज पटेल और सीएसपी सरकंडा तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक नरेश कुमार चौहान की टीम ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल फावड़ा और कुल्हाड़ी जब्त की है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी है। उसके खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज हैं। आरोपी निखिल महेश्वरी उर्फ समीर महेश्वरी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।




