कोटवारों के खिलाफ कार्रवाई के विरोध में कोटवार हुए लामबंद

कलेक्टर को मुख्यमंत्री के नाम सौपा 4 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन
बिलासपुर। जिले के कोटवारों ने बुधवार को भूतपूर्व मालगुजारों द्वारा दी गई भूमि का मालिकाना हक प्रदान करने समेत कलेक्टर को मुख्यमंत्री के नाम 4 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा है।जिसमें कोटवारों ने सीधे और साफ तौर से कहा है कि लंबित मांगो को जल्द पूरा किया जाए।
मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को सौपे गए ज्ञापन में कोटवारों ने वर्ष 1950 के पूर्व भूतपूर्व मालगुजारों द्वारा दी गई भूमि का मालिकाना हक प्रदान करने, कोटवारों के पारिश्रमिक की विसंगतियो को संशोधन करते हुए एक पद एक नाम एक पारिश्रमिक दर घोषित करने, ब्रिटिश शासन काल से चले आ रहे उनके नीले वर्दी के रंग में बदलाव कर उन्हें भी भृत्य की तर्ज पर खाकी वर्दी प्रदान करने की मांग की है।
बिलासपुर तहसील के ग्राम सेमरताल के कोटवार परमेश्वर दास मानिकापुरी पर एक पक्षीय कार्यवाही करते हुए उन्हें बर्खास्त करने के मामले में पटवारी और अन्य संबंधित कर्मचारियो के ऊपर भी कार्यवाही करने, ग्राम बसहा के कोटवार संतोष गंर्धव को हल्का पटवारी द्वारा गलत प्रतिवेदन दिए जाने के कारण बर्खास्त करने पर आपत्ति जता उक्त प्रकरण में पटवारी, सरपंच एवं तहसील के अधिकारियो कर्मचारियों पर भी उनकी संलिप्तता के आधार पर कार्यवाही करने की मांग की है।
इस अवसर पर कोटवारों ने यह भी कहा कि अगर लंबित मांगो को जल्द पूरा नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में आंदोलन किया जायेगा।