दिल दहला देने वाला हत्याकांड, घर के अंदर गड्ढे से बरामद हुई एक ही परिवार के चार लोगों की लाशें
रायगढ़। खरसिया थाना क्षेत्र के ग्राम ठुसेकेला में एक सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है। राजीव नगर मोहल्ले में बुधराम उरांव, उनकी पत्नी सहोदरा, 12 वर्षीय बेटा अरविंद और 3 वर्षीय बेटी शिवांगी – यह चारों बीते दो दिनों से लापता थे।
आज सुबह घर से उठी असहनीय बदबू और बंद दरवाजे ने ग्रामीणों के संदेह को गहरा दिया। जब लोगों ने बाड़ी से झांका तो अंदर का दृश्य भयावह था। कमरे में खून के छींटे और खुदी हुई जमीन नज़र आई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुँची और फॉरेंसिक टीम की मौजूदगी में घर के भीतर खाद के गड्ढे से चारों शव बरामद किए गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक दिव्यांग कुमार पटेल भी मौके पर पहुँचे। पुलिस ने पूरे घर और बाड़ी को सील कर दिया है और फॉरेंसिक जांच जारी है। गांव में इस वारदात के बाद दहशत का माहौल है। वहीं, मृतक की बड़ी बेटी शिवानी उरांव सुरक्षित है और उसने मीडिया से बातचीत में अपनी सुरक्षा की पुष्टि की है।