Blog

पंचायत चुनाव की रंजिश में युवक की हत्या, पुलिस ने 6 आरोपियों को चंद घंटों में किया गिरफ्तार

जांजगीर जिले के ग्राम कोटमीसोनार में बालमुकुंद सोनी नामक व्यक्ति की 21 अक्टूबर की रात घर घुसकर धारदार हथियार से हत्या कर दी गई थी।
अकलतरा पुलिस और साइबर सेल की टीम ने चंद घंटों में ही मामले का पर्दाफाश कर दिया है। पंचायत चुनाव की रंजिश के चलते हत्याकांड को अंजाम दिया गया था। पुलिस ने दो नाबालिगों समेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

दरअसल जांजगीर जिले के कोटमीसोनार गांव में बीती रात पंचायत चुनाव की पुरानी रंजिश में एक युवक की हत्या कर दी गई। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस की टीम ने गांव में पूछताछ कर मामले की जांच शुरू कर दी। घटना के कुछ ही घंटों में अकलतरा पुलिस और साइबर सेल की टीम ने चार आरोपियों और दो नाबालिग को पकड़ लिया। आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त बटनदार चाकू और दो मोटरसाइकिल भी जब्त की गई हैं। मामला अकलतरा थाना क्षेत्र का है।

जांजगीर-चांपा पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 21 अक्टूबर की सुबह करीब आठ बजे कोटमीसोनार निवासी बालमुकुंद सोनी की लाश घर में मिलने की सूचना मिली। इस पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्यवाही की। पीएम रिपोर्ट में धारदार हथियार से वार कर हत्या की पुष्टि हुई। एसपी विजय कुमार पांडेय के निर्देश पर एएसपी उमेश कुमार कश्यप और एसडीओपी प्रदीप जोशी के नेतृत्व में जांच टीम गठित की गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज और गवाहों के बयान के आधार पर कुछ संदिग्धों की पहचान की। पूछताछ में पता चला कि बालमुकुंद का आरोपियों से पंचायत चुनाव के समय विवाद हुआ था। इसके बाद तीन-चार दिन पूर्व भी दोनों पक्ष के बीच झगड़ा हुआ था।

पंचायत चुनाव की रंजिश में हत्या:–

पंचायत चुनाव की दुश्मनी को लेकर दोनों पक्षों में रंजिश चली आ रही थी। रंजिश को लेकर आरोपियों ने मिलकर हत्या की साजिश रची। 20 अक्टूबर की रात करीब 11.30 बजे आरोपी रोशन दास मानिकपुरी, सौरभ पाठक, लक्की उर्फ चंद्रहास पांडेय, शिवांश पांडेय, शान खान और दो नाबालिग तालाब के पास मिले और हत्या की योजना बनाई। इसके बाद सभी लोग बालमुकुंद के घर पहुंचे और पटाखा फेंककर उसे बाहर बुलाने लगे। विरोध करने पर विवाद बढ़ गया, जिसके बाद आरोपियों ने दरवाजा तोड़कर घर के अंदर घुस गए। आरोपितयों ने बालमुकुंद पर बटनदार चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल बालमुकुंद की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी भाग निकले।

जांच के बाद पुलिस ने आरोपियों में रोशन दास मानिकपुरी (18), शिवांश पांडेय (18), चंद्रहास पांडेय (29) और सौरभ पाठक (28) और दो नाबालिग को पकड़ लिया है।

टीम में ये रहे शामिल :–

गांव में हुए हत्या के मामले को सुलझाने वाली टीम में अकलतरा थाना प्रभारी भास्कर शर्मा, साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक सागर पाठक, कोटमी पुलिस सहायता केंद्र प्रभारी एएसआई राजेन्द्र सिंह क्षत्रिय, साइबर टीम से एएसआई विवेक सिंह, प्रधान आरक्षक विवेक सिंह, आरक्षक माखन साहू, गिरीश कश्यप, प्रदीप दुबे, शाहबाज खान, रोहित कहरा, श्रीकांत सिंह शामिल रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *