Blog

महालक्ष्मी ज्वेलर्स लूट कांड का : अंतरराज्यीय गिरोह के 7 आरोपी गिरफ्तार, सुपारी किलिंग और कई वारदातों का खुलासा

सिविल लाइन क्षेत्र का निगरानी गुंडा बदमाश निकला मास्टरमाइंड

लूटकांड और डकैती के अलावा हत्या करने का लिया था सुपारी

बिलासपुर। पुलिस ने महालक्ष्मी ज्वेलर्स के संचालक संतोष तिवारी पर जानलेवा हमला कर करोड़ों की ज्वेलरी और कार लूटने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश कर दिया है। घटना 17 फरवरी 2026 की रात की है, जब आरोपियों ने अंधा मोड़ के पास कार को टक्कर मारकर पिस्टल की बट और हथौड़ी से हमला किया और करीब दो किलो से अधिक सोना व नगदी लूटकर फरार हो गए थे। पुलिस ने टेक्निकल और लोकल इनपुट के आधार पर उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया और लूट का शत-प्रतिशत माल बरामद कर लिया।


गिरफ्तार आरोपियों में विनोद उर्फ बिन्नू प्रजापति (अनूपपुर, म.प्र.), करीम खान (बरेली, उ.प्र.), विजय लाम्बा (पूर्वी दिल्ली), मोनू उर्फ राहुल उर्फ गुडवा (नोएडा), इरफान अली (सीपत, बिलासपुर), नारद उर्फ सुमित श्रीवास डबरीपारा सिविल लाइन, और राजू सोनकर (सरकंडा, बिलासपुर) शामिल हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से 5 लाख 33 हजार रुपये नगद, देशी कट्टा, जिंदा कारतूस, छह मोबाइल, मारुति इको, रेनॉल्ट क्विड और महिंद्रा स्कॉर्पियो वाहन सहित धारदार हथियार बरामद किए हैं।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि यह गिरोह सुपारी लेकर हत्या की साजिश भी रच रहा था। प्रॉपर्टी विवाद में कारोबारी भाजपा नेता बंधु मौर्य की हत्या के लिए 25 लाख रुपये की सुपारी तय हुई थी, जिसमें 6 लाख रुपये एडवांस दिए गए थे। 18 दिसंबर 2025 को हत्या का प्रयास किया गया, लेकिन योजना विफल हो गई। इसके अलावा होटल कारोबारी लखन देवांगन उर्फ निटी के साथ लूट की कोशिश और सदर बाजार की एक ज्वेलरी दुकान में सेंधमारी की योजना का भी खुलासा हुआ है।
घटना के बाद बिलासपुर पुलिस ने एसीसीयू, साइबर सेल, डॉग स्क्वॉड और एफएसएल टीम की मदद से सीसीटीवी फुटेज खंगाले और आरोपियों की लोकेशन ट्रैक की। आरोपियों के उत्तर प्रदेश भागने की सूचना पर पुलिस टीम ने थाना अहरौरा, जिला मिर्जापुर पुलिस के सहयोग से घेराबंदी कर चार मुख्य आरोपियों को दबोच लिया। पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ में पूरे आपराधिक नेटवर्क और पूर्व की वारदातों का खुलासा हुआ।
इस गंभीर प्रकरण में थाना सरकण्डा सहित विभिन्न धाराओं में मामले दर्ज किए गए हैं। अज्ञात आरोपियों की पहचान, गिरफ्तारी और माल बरामदगी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली पुलिस टीम की पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज रामगोपाल गर्ग और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने सराहना करते हुए नगद इनाम की घोषणा की है। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *