रतनपुर पुलिस ने अवैध शराब बेचने वाले कोचियों पर की कार्रवाई

कोचियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी
बिलासपुर। जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए रतनपुर पुलिस ने लगातार कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग शराब कोचियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने ग्राम बेलतरा बजरंग चौक निवासी धर्मेन्द्र कश्यप के घर की बाड़ी से 7 लीटर कच्ची महुआ शराब और 200 रुपये की बिक्री रकम जब्त की। वहीं ग्राम लखराम निवासी अनिल केंवट के कब्जे से मोटरसाइकिल में रखी 80 पाव देशी प्लेन शराब और परिवहन में प्रयुक्त हीरो डिलक्स मोटरसाइकिल को जब्त किया गया। जब्त शराब और वाहन की कुल कीमत करीब 31 हजार 400 रुपये बताई गई है।

दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह और एसडीओपी कोटा नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में नवपदस्थ थाना प्रभारी प्रशिक्षु आईपीएस अंशिका जैन के नेतृत्व में की गई। पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और नशे के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इसी क्रम में थाना प्रभारी द्वारा 5 लोगों पर शराब पीकर वाहन चलाने और 15 लोगों पर सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने के मामले में भी कार्रवाई की गई है।