राठौर समाज व अपोलो अस्पताल द्वारा विशाल निशुल्क स्वास्थ्य शिविर, 450 से अधिक लोगों ने लिया लाभ

बिलासपुर। क्षत्रिय राठौर समाज कल्याण समिति बिलासपुर एवं अपोलो हॉस्पिटल बिलासपुर के संयुक्त तत्वावधान में 15 मार्च 2026 को अपोलो हॉस्पिटल परिसर में कैंसर जागरूकता एवं विशाल निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बिलासपुर सहित जांजगीर–चांपा, कोरबा, रायगढ़, गौरेला–पेंड्रा–मरवाही, चिरमिरी और मुंगेली समेत कई जिलों से 450 से अधिक लोगों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराकर लाभ उठाया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बिलासपुर महापौर पूजा विधानी शामिल हुईं। विशिष्ट अतिथि के रूप में ब्रह्मकुमारी की अध्यात्म एवं योग गुरु बी.के. राखी दीदी, क्षत्रिय राठौर समाज महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष षष्ठी राठौर तथा अपोलो हॉस्पिटल बिलासपुर के यूनिट हेड अभय गुप्ता उपस्थित रहे।

शिविर में अपोलो हॉस्पिटल के विशेषज्ञ डॉक्टरों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। इनमें स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. रश्मि शर्मा और डॉ. शंभावी, कैंसर विशेषज्ञ डॉ. जूही, मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. मंदार गोकाते, अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. सूर्यांश नेमा, त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. भव्या स्वर्णकार और हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. अभिषेक कौशले शामिल रहे।
स्वास्थ्य शिविर में हीमोग्लोबिन, ब्लड शुगर, ईसीजी, जनरल वाइटल्स, पैप स्मियर और मेमोग्राफी जैसी जांचें निःशुल्क की गईं। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिलाओं के स्वास्थ्य और कैंसर जागरूकता को लेकर विशेष सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें विशेषज्ञ डॉक्टरों ने महिलाओं की समस्याओं पर मार्गदर्शन दिया।
इस दौरान राठौर समाज द्वारा सभी अतिथियों, चिकित्सकों और अपोलो हॉस्पिटल प्रबंधन का स्मृति चिन्ह एवं पुष्पगुच्छ देकर सम्मान किया गया।
महापौर पूजा विधानी ने कहा कि समाज के अन्य संगठनों को भी इस तरह के स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर लोगों को जागरूक करना चाहिए। वहीं बी.के. राखी दीदी ने कहा कि मानव जीवन तभी सार्थक है जब हम दूसरों के काम आएं। महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष षष्ठी राठौर ने नियमित स्वास्थ्य जांच कराने पर जोर दिया, जबकि अपोलो हॉस्पिटल के यूनिट हेड अभय गुप्ता ने कैंसर की रोकथाम और समय पर जांच की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में षष्ठी राठौर ने शिविर में शामिल सभी लोगों, राठौर समाज के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और अपोलो हॉस्पिटल की टीम का आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी इस तरह के स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने की बात कही।