सही नहीं था हिसाब- किताब

उदय मेडिकल को नोटिस की तैयारी
कोंडागांव- अनियमित थे दस्तावेज खरीदी- बिक्री के। गंभीर मानी गई यह गलती। उदय मेडिकल स्टोर्स को नोटिस जारी करने का भेजा प्रस्ताव। फरसगांव जैसे छोटे कस्बे में हुई इस जांच के बाद समूचे जिले में हड़कंप की स्थिति है।
‘सही दवा- शुद्ध आहार, यही है छत्तीसगढ़ का आधार’थीम के साथ हो रही जांच अब जोर पकड़ने लगी है। जांच टीम हर गांव, कस्बे और शहरों में पहुंच रही है। इसलिए दवा, कॉस्मेटिक और खान पान सामग्री कारोबार अब खुद को व्यवस्थित करने में लगा हुआ नजर आ रहा है।

धावा, दवा और कॉस्मेटिक दुकानों में
जिले का फरसगांव कारोबारी क्षेत्र के लिहाज से बड़ा क्षेत्र माना जाता है। इसलिए जांच दल ने मेडिकल और कॉस्मेटिक कारोबार को निशाने पर लिया। आठ दवा दुकानों की औचक जांच में उदय मेडिकल स्टोर्स को इसलिए नोटिस जारी करने प्रस्ताव भेजा है क्योंकि दवाओं की खरीदी- बिक्री के दस्तावेज अनियमित मिले जबकि कॉस्मेटिक प्रोडक्ट बेचने वाली संस्थानों को फटकार लगाई गई क्योंकि यहां भी क्रय- विक्रय से संबंधित दस्तावेजों का संधारण नहीं मिला।

सरकारी अस्पताल का भी निरीक्षण
जिले की सरकारी अस्पतालों को भी जांच के घेरे में लिया जा रहा है। जांच दल ने जांच के दौरान सरकारी अस्पताल के दवा भंडार कक्ष का सूक्ष्मता के साथ निरीक्षण किया और साथ ही वैक्सीनेशन रूम की भी जांच की। गलतियां मिलीं। आवश्यक सुधार के सख्त निर्देश दिए। अब तैयारी है निजी अस्पतालों की जांच की जहां से लगातार शिकायतें मिल रहीं हैं।
नजर गन्ना जूस सेंटरों पर भी
सीजन है गन्ना जूस का। शाम को खूब लगते हैं एग और एग रोल काउंटर। इसी तरह चाट ठेलों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है। लिहाजा जांच इन संस्थानों की भी की गई लेकिन व्यक्तिगत स्वच्छता का अभाव यहां जिस मात्रा में मिला उसे देखते हुए जांच दल ने फौरन नियमों के पालन की हिदायत दी। आगामी जांच में सीधे कार्रवाई की चेतावनी दी।
वर्जन
जारी रहेगी जांच
‘सही दवा, शुद्ध आहार, यही छत्तीसगढ़ का आधार’ अभियान जारी रहेगा। संस्थानों में मिल रही गलतियों में फौरन सुधार के निर्देश दिए जा रहे हैं।
-रोशन वर्मा, नोडल अधिकारी, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, कोंडागांव