राहगीर से मारपीट एवं गाली-गलौच करने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार,शराब के नशे में राहगीर से पैसे की मांग कर गाली-गलौच एवं मारपीट करने की घटना

पेट्रोल पंप स्टाफ की सतर्कता से 02 आरोपी मौके पर पकड़े गए, 02 आरोपी फरार
थाना भिलाई नगर में अपराध पंजीबद्ध कर आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार किया गया
गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया*
दुर्ग। प्रार्थी अपनी कार में पेट्रोल भरवाने हेतु सेक्टर-06 भिलाई जा रहा था। परिवार चौक सेक्टर-06 के पास रात्रि लगभग 11:35 बजे प्रार्थी वाहन रोककर मोबाइल फोन पर बात कर रहा था। इसी दौरान दो मोटरसाइकिल में सवार 04 युवक वहां पहुंचे एवं शराब पीने हेतु पैसे की मांग करने लगे। प्रार्थी द्वारा मना करने पर आरोपियों द्वारा गाली-गलौच करते हुए मारपीट की गई तथा मौके से फरार हो गए।
घटना के पश्चात प्रार्थी सेक्टर-06 स्थित पेट्रोल पंप पहुंचा, जहां उसने देखा कि उक्त युवक मौजूद हैं। प्रार्थी द्वारा पेट्रोल पंप स्टाफ को घटना की जानकारी देने पर स्टाफ की सतर्कता से 02 आरोपियों को मौके पर पकड़ लिया गया, जबकि 02 अन्य आरोपी फरार हो गए। सूचना मिलने पर थाना भिलाई नगर पुलिस मौके पर पहुंची एवं दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया गया।
मामले में थाना भिलाई नगर में अपराध क्रमांक 257/2026 धारा 296, 351(3), 119(1), 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान आरोपीगण को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया। फरार 02 आरोपियों की तलाश जारी है।
▪️घटना का कारण :
शराब के नशे में आरोपियों द्वारा पैसे की मांग करने पर विवाद होना।
▪️घटनास्थल :
परिवार चौक एवं सेक्टर-06 पेट्रोल पंप, भिलाई नगर
▪️आरोपी का नाम :
1. रितिक चौहान, निवासी कोसानगर, सुपेला, भिलाई
2. अभिषेक वासनिक, निवासी नेहरू नगर बॉम्बे आवास, भिलाई
▪️जप्त सामग्री :
1. घटना में प्रयुक्त 02 मोटरसाइकिल
▪️सराहनीय भूमिका :
उक्त कार्यवाही में थाना भिलाई नगर पुलिस स्टाफ एवं सेक्टर-06 पेट्रोल पंप के कर्मचारियों की सतर्क एवं त्वरित भूमिका सराहनीय रही।
▪️दुर्ग पुलिस की अपील :
दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि, मारपीट अथवा कानून व्यवस्था संबंधी घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दें। कानून व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।