सड़क हादसा का विवाद लिया हिंसक रूप
बिलासपुर । पचपेड़ी में एक मामूली सड़क हादसा अचानक हिंसक झड़प में बदल गया। पेट्रोल पंप के पास दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
मिली जानकारी के मुताबिक पचपेड़ी निवासी प्रभाकर मार्शल अपने परिवार के दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने गांव आया था। वह अपने साथी निमेश राय और दिलेश्वर मार्शल के साथ बाइक से लाउडस्पीकर के जरिए सूचना दे रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार से आए बादल जांगड़े ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
दुर्घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और गाली-गलौज के बाद मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि बेल्ट, लाठी-डंडे, लोहे की वस्तु, ईंट और धारदार हथियार से हमला किया गया। बताया जा रहा है कि बादल जांगड़े के साथ विक्की जांगड़े, विकास मार्शल और सरोज जांगड़े समेत अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए और सामूहिक हमला कर दिया। हमले में प्रभाकर मार्शल के सिर में गंभीर चोट आई, वहीं बीच-बचाव करने पहुंचे निमेश राय के सिर, आंख और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। घायल निमेश राय को इलाज के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है। फिलहाल पचपेड़ी पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुटी हुई है।