डीएसपी के भाई पर आधी रात घर में घुसकर चाकूबाजी करने वाले बदमाश दबोचे गए

सिरगिट्टी पुलिस की त्वरित कार्रवाई से 3 आरोपी और 1 अपचारी बालक गिरफ्तार,
धारदार हथियार व बाइक जप्त
बिलासपुर। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में आधी रात को एक घर में जबरन घुसकर गाली-गलौज करने और धारदार चाकू से जानलेवा हमला करने वाले शातिर बदमाशों को पुलिस ने चौबीस घंटे के भीतर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए 3 आरोपियों और 1 नाबालिग को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। वारदात में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश सरगर्मी से की जा रही है।
खटखटाया दरवाजा और अंदर घुसते ही कर दिया जानलेवा हमला
सिरगिट्टी पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थिया ने थाने में शिकायत दर्ज कराई कि 17 मई 2026 की रात करीब 10:35 बजे कुछ बदमाशों ने उनके घर का दरवाजा खटखटाया। जैसे ही प्रार्थिया के पति ने दरवाजा खोला, आरोपी घनश्याम और उसके अन्य साथी जबरन घर के भीतर घुस आए। बदमाशों ने आते ही अश्लील गालियां देना शुरू कर दिया और जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्के व धारदार चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमला करने के बाद आरोपियों ने घर के बाहर गेट पर ईंट-पत्थरों से भी पथराव किया और मौके से फरार हो गए।मामले की गंभीरता को देखते हुए घटना की जानकारी एसएसपी रजनेश सिंह को दी गई। उनके कड़े निर्देश पर एएसपी शहर और सीएसपी सिविल लाइन के मार्गदर्शन में सिरगिट्टी थाना प्रभारी अभय सिंह बैस के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने आरोपियों के ठिकानों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और संभावित छिपने की जगहों पर ताबड़तोड़ दबिश दी और महज कुछ ही घंटों में 3 मुख्य आरोपियों और 1 अपचारी बालक को धरदबोचा।जिन्हें रिमांड पर जेल और नाबालिग को बाल सम्प्रेक्षण गृह भेज दिया गया है।