Blog

कोतवाली थाना से चंद कदम दूर गोलबाजार के कपड़ा दुकान में चोरी…शेड काटकर घुसा चोर, पुलिस के लिए बड़ी चुनौती

बिलासपुर । शहर के सबसे व्यस्त और संवेदनशील माने जाने वाले गोलबाजार क्षेत्र में चोरी की वारदात सामने आई है। हैरानी की बात यह है कि घटना सिटी कोतवाली थाना से चंद दूरी पर हुई, जहां चोर ने कपड़ा दुकान की छत काटकर अंदर प्रवेश किया और नगदी पार कर दी। घटना ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस गश्त पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

सिटी कोतवाली पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गोलबाजार स्थित नेशनल होजियरी कपड़ा दुकान के संचालक अब्बास वनक निवासी जुनी लाइन बिलासपुर ने सिटी कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। प्रार्थी के अनुसार वह 16 मई की रात करीब 9:30 बजे अपनी दुकान बंद कर घर चले गए थे। अगले दिन 17 मई की सुबह लगभग 10 बजे जब वह दुकान पहुंचे और शटर खोला तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। दुकान की टिन शेड टूटी हुई थी और गल्ले का लॉक भी टूटा मिला। इसके बाद दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें रात करीब 2:16 बजे चोर दुकान की छत पर चढ़कर टिन काटते हुए अंदर प्रवेश करते दिखाई दे रहा है। चोर ने बड़ी सफाई से गल्ले का लॉक तोड़ा और उसमें रखी करीब 25 हजार रुपये की बिक्री रकम चोरी कर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 305(ए)-बीएनएस और 331(4)-बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। सबसे बड़ा सवाल यह है कि थाना क्षेत्र के बेहद संवेदनशील इलाके और पुलिस थाना से बेहद करीब स्थित दुकान में चोर इतनी बेखौफ तरीके से वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। इससे साफ है कि चोरों में पुलिस का डर कम होता नजर आ रहा है। लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाएं अब पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बनती जा रही हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *