खाली जमीनों पर रात के अंधेरे में उतारी जा रही रेत-गिट्टी,दिन में महंगे दामों पर बिक्री

शहर में अवैध रेत-गिट्टी डंपिंग यार्ड
रात में हाइवा से भंडारण,
दिन में ट्रैक्टरों से खुलेआम सप्लाई
मुक्तिधाम सरकंडा रोड, साइंस कॉलेज रोड और तिफरा क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवैध डंपिंग
बिलासपुर।शहर और आसपास के इलाकों में अवैध रेत और गिट्टी के डंपिंग यार्ड तेजी से सक्रिय हो गए हैं। हालात यह हैं कि रात के अंधेरे में हाइवा और ट्रेलर से रेत-गिट्टी लाकर खाली जमीनों पर उतार दी जाती है और फिर दिन में ट्रैक्टरों के जरिए उसे अलग-अलग स्थानों पर सप्लाई किया जाता है। खुलेआम चल रहे इस कारोबार के बावजूद जिम्मेदार विभागों की कार्रवाई नहीं होने से सवाल खड़े होने लगे हैं। सूत्रों के मुताबिक कई जगहों पर बिना किसी अनुमति के बड़े पैमाने पर रेत और
गिट्टी का भंडारण किया जा रहा है। आशंका जताई जा रही है कि अवैध रूप से जमा किए गए खनिज को बाद में महंगे दामों पर बेच दिया जाता है। इससे शासन को राजस्व का नुकसान होने के साथ ही अवैध खनन और परिवहन को भी बढ़ावा मिल रहा है।
कृषि कार्य वाले ट्रैक्टरों से ढो रहे निर्माण सामग्री
नियमों के अनुसार, कृषि कार्य के लिए पंजीकृत ट्रैक्टरों का उपयोग निर्माण सामग्री के परिवहन में नहीं किया जा सकता। इसके बावजूद शहर में दिन-रात ऐसे ट्रैक्टर बेखौफ होकर रेत, गिट्टी, ईंट और अन्य निर्माण सामग्री ढोते नजर आ रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि इस पर न तो पुलिस कार्रवाई कर रही है, न ही परिवहन विभाग, यातायात पुलिस या खनिज विभाग की ओर से कोई सख्ती दिखाई दे रही है।
नंबर प्लेट हटाकर रेत-गिट्टी की सप्लाई
अवैध परिवहन में लगे कई वाहन अपनी पहचान छिपाने के लिए नंबर प्लेट तक हटा देते हैं या उसे ढक देते हैं। इसके बाद ये वाहन बिना किसी डर के शहर व आउटर में आवाजाही करते रहते हैं। हाल ही में खनिज विभाग ने अवैध रूप से रेत-गिट्टी परिवहन करने वाले एक दर्जन से अधिकांश वाहनों को पकड़ा था।जिसमें नंबर प्लेट ही नहीं लगी थी। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि अवैध परिवहन में लगे वाहन किस तरह नियमों की खुलेआम अनदेखी कर रहे हैं।
कई जगहों पर बन गए अघोषित डंपिंग यार्ड
शहर के कई इलाकों में यह नजारा अब आम हो गया है। लिंगियाडीह रोड ,सरकंडा क्षेत्र में मुक्तिधाम रोड पर मार्क अस्पताल के पास खाली पड़ी जमीन पर बड़े पैमाने पर रेत और गिट्टी का डंप लगा हुआ है। यहां रात के समय हाइवा से सामग्री उतारी जाती है और दिन में ट्रैक्टरों से इसकी सप्लाई की जाती है। इसी तरह साइंस कॉलेज से चांटीडीह बाजार जाने वाली सड़क किनारे भी भारी मात्रा में रेत-गिट्टी डंप कर रखी गई है। यहां से भी दिन के समय ट्रैक्टरों के जरिए निर्माण स्थलों तक सामग्री पहुंचाई जा रही है। तिफरा के यदुनंदन नगर क्षेत्र में शराब दुकान के पास खाली जगह पर भी रेत और गिट्टी का भंडारण किया गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार शहर और आसपास के क्षेत्रों में ऐसे कई अघोषित डंपिंग यार्ड संचालित हो रहे हैं, जहां रात में सामग्री लाकर दिन में बेची जाती है।
वर्जन
अवैध डंप और अवैध
परिवहन की सूचना
मिलने पर कार्रवाई होती है।
राजू यादव
खनिज निरीक्षक बिलासपुर