हिट एंड रन:वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत,दो घायल

बिलासपुर । बिल्हा थाना क्षेत्र में रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक घायल हो गए। मामले में पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार ग्राम पत्थरखान निवासी दुज राम नेताम ने बिल्हा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उनका बड़ा बेटा अजय नेताम उर्फ मोनू तिफरा स्थित शराब भट्ठी में काम करता था। रविवार को छुट्टी होने के कारण वह घर पर था। शाम करीब 4 बजे वह मोबाइल की किस्त जमा करने और घर के दरवाजे के लिए पेंट खरीदने चकरभाठा जाने की बात कहकर घर से निकला था। रात करीब 10:30 बजे दुज राम को उनके मंझले बेटे नरसिम्हा के जरिए सूचना मिली कि अजय नेताम अपने परिचित आनंद मरकाम की मोटरसाइकिल से हिरीं गया था और लौटते समय निपनिया मेन रोड पर किसी वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में अजय के सिर में गंभीर चोट आई थी। उसे डायल 112 की मदद से बिल्हा अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना में आनंद मरकाम और राधे मरकाम भी घायल हुए हैं। आनंद ने पुलिस को बताया कि रात करीब 10 बजे वे हिरीं से वापस लौट रहे थे।
तभी निपनिया मेन रोड पर तेज रफ्तार वाहन ने लापरवाहीपूर्वक बाइक को टक्कर मार दी। बिल्हा पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
सीसीटीवी फुटेज और लोगो से पूछताछ करने में जुटी पुलिस
बिल्हा पुलिस का कहना है कि आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर फरार वाहन चालक की तलाश कर रही है।इसके अलावा आसपास के लोगो से भी पूछताछ की जा रही है। ताकि कोई सुराग मिल सके।
इसके अलावा चौक।चौराहे पर लगे कैमरा के माध्यम से और उक्त वाहन की खोजबीन
भी जारी कर दी गई है।